
रांची: राजधानी रांची के अशोक नगर रोड नंबर 5B में बुधवार देर रात चोरी की कोशिश के दौरान गोली चलने की घटना सामने आई। घटना रात करीब 2 बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, स्थानीय निवासी नितेश प्रियदर्शी के घर में दो अज्ञात बदमाश चोरी के इरादे से परिसर में घुसने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान वहां तैनात बॉडीगार्ड की नजर दोनों संदिग्धों पर पड़ गई।
बॉडीगार्ड ने अपराधियों को ललकारते हुए पकड़ने की कोशिश की और आत्मरक्षा के लिए अपनी लाइसेंसी हथियार निकालकर फायरिंग करने का प्रयास किया। इसी दौरान अचानक हथियार से गलती से गोली चल गई, जो बॉडीगार्ड को ही लग गई। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा।

गोली की आवाज सुनते ही दोनों संदिग्ध अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। घायल बॉडीगार्ड को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और फरार संदिग्धों की तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
