
रांची: एनटीपीसी माइनिंग लिमिटेड (एनएमएल) ने वित्त वर्ष 2024-25 के लिए कोयला मंत्रालय के कोयला नियंत्रक कार्यालय (सीसीओ) द्वारा जारी ओपन कास्ट कोयला खदानों की स्टार रेटिंग में शानदार उपलब्धि हासिल की है। कंपनी की तीन प्रमुख खदानों—पकरी-बरवाडीह, दुलंगा और तलाईपल्ली—को खनन कार्यों में उत्कृष्ट सुरक्षा मानकों के लिए 5 स्टार रेटिंग प्रदान की गई है।
राष्ट्रीय स्तर पर जारी रैंकिंग में पकरी-बरवाडीह खदान ने देशभर की 5 स्टार रेटिंग प्राप्त खदानों में पहला स्थान हासिल किया है। वहीं दुलंगा खदान को 5वाँ स्थान और तलाईपल्ली खदान को 8वाँ स्थान मिला है।

एनटीपीसी माइनिंग लिमिटेड की यह उपलब्धि सुरक्षा के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है। खास बात यह है कि पकरी-बरवाडीह खदान लगातार दूसरे वर्ष देश में प्रथम स्थान पर रही, जबकि दुलंगा खदान लगातार छठे वर्ष 5 स्टार रेटिंग हासिल करने में सफल रही।
कोयला नियंत्रक कार्यालय (सीसीओ) द्वारा हर वर्ष देश की कोयला एवं लिग्नाइट खदानों की स्टार रेटिंग की जाती है। इसका उद्देश्य खनन कार्यों में सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और बेहतर संचालन व्यवस्था को बढ़ावा देना है।
एनटीपीसी माइनिंग लिमिटेड का यह प्रदर्शन दर्शाता है कि कंपनी सुरक्षित और जिम्मेदार खनन के लिए लगातार उच्च मानकों का पालन कर रही है।
