
रांची। राजधानी रांची पहली बार देश के सबसे प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंट डूरंड कप 2026 की मेजबानी करने जा रही है। 26 जुलाई से 16 अगस्त 2026 तक मोराबादी स्थित बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में टूर्नामेंट के मुकाबले खेले जाएंगे। आयोजन को सफल बनाने के लिए सोमवार को धुर्वा स्थित एफएफपी बिल्डिंग में पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवाकार्य विभाग के सचिव मुकेश कुमार की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में आयोजन से जुड़ी सभी तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई। सचिव ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि फायर सेफ्टी, स्टेडियम ब्रांडिंग, खिलाड़ियों एवं अतिथियों के ठहरने की व्यवस्था, सुरक्षा, आमंत्रण पत्र वितरण और अन्य सभी व्यवस्थाएं तय समय पर पूरी की जाएं। उन्होंने मैचों के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति करने तथा पुलिस प्रशासन को सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए।

रांची नगर निगम को स्टेडियम और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। वहीं स्वास्थ्य, विद्युत, खेल प्राधिकरण, पर्यटन, संस्कृति एवं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग सहित सभी संबंधित एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाने का निर्देश दिया गया।

टूर्नामेंट को लेकर लोगों में उत्साह बढ़ाने के उद्देश्य से भारतीय थल सेना द्वारा 18 जुलाई 2026 को रांची में डूरंड कप ट्रॉफी टूर का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान ट्रॉफी शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी, ताकि अधिक से अधिक लोग इस ऐतिहासिक प्रतियोगिता से जुड़ सकें।
गौरतलब है कि रांची में पहली बार आयोजित हो रहा डूरंड कप न केवल राज्य की खेल संस्कृति को नई पहचान देगा, बल्कि फुटबॉल के प्रति युवाओं की रुचि बढ़ाने और झारखंड को राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर मजबूत स्थान दिलाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।