
पटना: बिहार में पंचायत चुनाव अब इस वर्ष नहीं होंगे। राज्य सरकार ने त्रिस्तरीय पंचायती राज संस्थाओं का नए सिरे से परिसीमन कराने का निर्णय लिया है। इसके चलते अब पंचायत चुनाव अगले वर्ष यानी जुलाई-अगस्त 2027 में होने की संभावना है।
सरकार के अनुसार, पंचायत, पंचायत समिति और जिला परिषद का परिसीमन 2011 की जनगणना के आधार पर किया जाएगा। करीब 36 वर्षों बाद पंचायतों की सीमाओं का पुनर्निर्धारण होगा, जिससे आबादी के अनुसार संतुलित प्रतिनिधित्व और भौगोलिक एवं सामाजिक एकरूपता सुनिश्चित की जा सकेगी।
जानकारी के मुताबिक, अगस्त 2026 से अप्रैल 2027 तक परिसीमन की प्रक्रिया चलेगी। इसके बाद पिछड़े वर्गों के आरक्षण सहित अन्य प्रक्रियाएं पूरी की जाएंगी और फिर पंचायत चुनाव की घोषणा होगी।
चुनाव एक वर्ष टलने के कारण नई पंचायत सरकार के गठन में देरी होगी। तब तक वर्तमान जनप्रतिनिधि अगले 9 से 10 महीने तक अपने दायित्व निभाते रहेंगे, जिससे विकास कार्यों की निरंतरता बनी रहेगी।
पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने कहा कि परिसीमन और अन्य तकनीकी प्रक्रियाओं के कारण चुनाव अगले वर्ष कराए जाएंगे। सरकार की मंशा समय पर चुनाव कराने की थी, लेकिन आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रियाओं को पूरा करना जरूरी है।