
रांची: दिल्ली के जंतर-मंतर पर अनशनरत जलवायु कार्यकर्ता एवं शिक्षाविद सोनम वांगचुक की गिरफ्तारी और आंदोलनकारी छात्रों पर कथित पुलिस कार्रवाई के विरोध में शनिवार को सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन (सीटू) ने रांची के कांके रोड स्थित सीएमपीडीआई गेट के सामने विरोध प्रदर्शन किया।

इस प्रदर्शन में सीटू के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुदीप दत्ता, महासचिव एलामरम करीम सहित अखिल भारतीय कार्यकारिणी समिति के सदस्य भी शामिल हुए। ये सभी 17 से 19 जुलाई तक सीएमपीडीआई के मयूरी हॉल में आयोजित कार्यकारिणी बैठक में भाग लेने रांची पहुंचे हैं।
सीटू नेताओं ने आरोप लगाया कि नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर पिछले 20 दिनों से अनशन कर रहे सोनम वांगचुक को गिरफ्तार किया गया तथा आंदोलन में शामिल छात्रों पर पुलिस द्वारा बल प्रयोग किया गया, जो लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला है।

प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने कहा कि वांगचुक की स्वास्थ्य स्थिति लगातार बिगड़ रही है और केंद्र सरकार उनकी मांगों पर बातचीत करने के बजाय दमनात्मक रवैया अपना रही है। साथ ही, राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) में कथित अनियमितताओं, विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक और राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 को लेकर भी केंद्र सरकार की आलोचना की गई।
सीटू ने सोनम वांगचुक की गिरफ्तारी के विरोध में 20 जुलाई को देशव्यापी प्रदर्शन का आह्वान किया है। संगठन ने देशभर के मजदूरों, छात्रों, युवाओं और आम नागरिकों से इस विरोध कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।
प्रदर्शन में सीटू के राज्य महासचिव विश्वजीत देव, डी.डी. रामानंदन, आर.पी. सिंह, प्रकाश विप्लव, संजय पासवान, प्रतीक मिश्रा, सुफल महतो, प्रफुल्ल लिंडा, सुखनाथ लोहरा, वीणा लिंडा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।