छात्रवृत्ति में गड़बड़ी पर भड़के आदिवासी छात्र संघ, मूसलाधार बारिश में भी रांची में कल्याण मंत्री चमरा लिंडा का फूंका पुतला ।

Spread the love

रांची: छात्रवृत्ति वितरण में कथित विसंगतियों और भुगतान में देरी को लेकर शनिवार (18 जुलाई 2026) को राजधानी रांची के अल्बर्ट एक्का चौक पर आदिवासी छात्र संघ (केंद्रीय समिति) ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।

मूसलाधार बारिश के बावजूद भी संगठन के केंद्रीय अध्यक्ष सुशील उरांव के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने झारखंड सरकार और कल्याण विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कल्याण मंत्री चमरा लिंडा का पुतला दहन किया।


प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने आरोप लगाया कि राज्य के आदिवासी, दलित और पिछड़े वर्ग के हजारों छात्र-छात्राएं लंबे समय से छात्रवृत्ति की राशि का इंतजार कर रहे हैं। उनका कहना है कि छात्रवृत्ति के भुगतान में लगातार देरी और तकनीकी खामियों के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।


आंदोलन को संबोधित करते हुए केंद्रीय अध्यक्ष सुशील उरांव ने कहा कि यदि जल्द से जल्द सभी पात्र छात्रों के खातों में छात्रवृत्ति की राशि नहीं भेजी गई, तो आदिवासी छात्र संघ पूरे राज्य में व्यापक और उग्र आंदोलन शुरू करेगा। उन्होंने कल्याण विभाग पर छात्रों की समस्याओं के प्रति उदासीन रवैया अपनाने का आरोप भी लगाया।


छात्र संघ की प्रमुख मांगें


सभी पात्र छात्रों को अविलंब 100 प्रतिशत छात्रवृत्ति राशि का भुगतान किया जाए।


छात्रवृत्ति वितरण में आ रही तकनीकी एवं प्रशासनिक समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाए।
छात्रों के भविष्य के साथ हो रही लापरवाही पर रोक लगाई जाए।

इस विरोध प्रदर्शन में विश्वविद्यालय अध्यक्ष मनोज उरांव, केंद्रीय मीडिया प्रभारी सुमित उरांव, रांची जिला अध्यक्ष राजू उरांव, जिला संयोजक अरविंद टोप्पो सहित विभिन्न कॉलेजों के पदाधिकारी, छात्र नेता और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए।

Leave a Reply