23 अगस्त को रांची में निकलेगी भव्य बाल कांवड़ यात्रा, नक्षत्र वन से पहाड़ी मंदिर तक करेंगे जलाभिषेक

Spread the love

रांची: राजधानी रांची में 23 अगस्त को भव्य एवं विशाल बाल कांवड़ यात्रा का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में श्री शिव बारात आयोजन महासमिति, पहाड़ी मंदिर की एक महत्वपूर्ण बैठक महासमिति के अध्यक्ष राजेश कुमार साहू की अध्यक्षता में संपन्न हुई, जिसमें यात्रा की तैयारियों और रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।


महासमिति के अनुसार, बाल कांवड़ यात्रा नक्षत्र वन (लोक भवन के समीप) से प्रारंभ होकर रातू रोड होते हुए पहाड़ी मंदिर पहुंचेगी। यात्रा में 5 से 12 वर्ष आयु वर्ग के बच्चे गेरुआ वस्त्र धारण कर कांवड़ में जल लेकर पैदल चलेंगे और भगवान महाकाल का जलाभिषेक करेंगे।


इस वर्ष यात्रा को पहले से अधिक भव्य और आकर्षक बनाने के लिए जीवंत झांकियां, ढोल-नगाड़े, डीजे, ताशा तथा विशेष रूप से सुसज्जित बाल शिव रथ की व्यवस्था की गई है। आयोजकों का कहना है कि यह आकर्षक शिव रथ श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।


महासमिति के अध्यक्ष राजेश कुमार साहू ने कहा कि इस वर्ष का आयोजन पिछले वर्षों की तुलना में अधिक व्यवस्थित, भव्य और यादगार होगा। उन्होंने शहरवासियों से आयोजन को सफल बनाने में सहयोग की अपील की।


महासमिति के प्रवक्ता बादल सिंह ने बताया कि बाल कांवड़ यात्रा का उद्देश्य बच्चों को बचपन से ही सनातन संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और भारतीय संस्कारों से जोड़ना है, ताकि उनमें धर्म, संस्कृति और राष्ट्र के प्रति आस्था एवं सेवा की भावना विकसित हो सके। उन्होंने अभिभावकों से अधिक से अधिक संख्या में बच्चों को इस यात्रा में शामिल करने का आग्रह किया।

बैठक में अध्यक्ष राजेश कुमार साहू, प्रवक्ता बादल सिंह, रिवाल्डो वर्मा, अरुण वर्मा, रणजीत बिहारी, राम सिंह, पंकज गुप्ता, हर्ष कुमार, राकेश, बद्री सहित महासमिति के कई सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply