
रांची, 26 जुलाई: राजधानी रांची के पिसका मोड़ स्थित रंगोली स्वीट्स में शनिवार को युवाओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में “काल भैरव सेना” के गठन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान संगठन के उद्देश्य, कार्यप्रणाली और आगामी धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों की रूपरेखा पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश कांग्रेस के महासचिव आदित्य विक्रम जयसवाल, आलोक दुबे, सुमित साहू, मेहुल दूबे और अनिल सिंह मौजूद रहे। अतिथियों ने युवाओं से संगठित होकर समाज सेवा, धार्मिक गतिविधियों और जनहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
बैठक में निर्णय लिया गया कि काल भैरव सेना के माध्यम से धार्मिक आयोजनों, सेवा कार्यों, सामाजिक जागरूकता अभियानों और जनहित से जुड़े कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। संगठन का उद्देश्य युवाओं को एक मंच पर लाकर सामाजिक समरसता, सेवा भावना और सांस्कृतिक एवं धार्मिक मूल्यों के संरक्षण और संवर्धन के लिए कार्य करना है।

मुख्य अतिथि आदित्य विक्रम जयसवाल ने कहा कि काल भैरव सेना युवाओं की ऊर्जा को समाज सेवा और धार्मिक कार्यों की दिशा में लगाने का प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि संगठन सेवा, सहयोग और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य करेगा तथा अधिक से अधिक युवाओं से इस अभियान से जुड़ने की अपील की।
वहीं आलोक दुबे ने कहा कि वे संगठन के साथ हर कदम पर खड़े रहेंगे और धार्मिक व सामाजिक कार्यों में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाते रहेंगे। उन्होंने संगठन के विस्तार के लिए निरंतर प्रयास करने का भी भरोसा दिलाया।

बैठक के अंत में संगठन के विस्तार और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर गौरव सिंह, गौरव आनंद, शिवम सिंह, मुक्कू सिंह, राहुल पाठक, लल्लन साव, अभिनव तिवारी, आकाश, जितेंद्र, पुनीत राहुल, सौरव, शिवम्, प्रिंस सहित बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।