धनबाद में ED की बड़ी कार्रवाई, 100 करोड़ की बेनामी संपत्ति के दस्तावेज़ मिले

Spread the love

धनबाद: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने धनबाद में चर्चित कोयला कारोबारी एलबी सिंह और अनिल गोयल से जुड़े लोगों के ठिकानों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 100 करोड़ रुपये की बेनामी चल-अचल संपत्ति से जुड़े दस्तावेज़ बरामद किए हैं। अधिकारियों के अनुसार, जब्त दस्तावेज़ों का मूल्यांकन अभी जारी है और संपत्तियों को जब्त करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।


जानकारी के मुताबिक, छापेमारी के दौरान करीब ₹1 करोड़ नकद भी बरामद हुआ है। ED की टीम मंगलवार सुबह लगभग 6:30 बजे धनबाद में दोनों कारोबारियों के करीबी सहयोगियों, बिजनेस पार्टनर्स, अकाउंटेंट और चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) के कई ठिकानों पर एक साथ पहुंची। कुछ स्थानों पर कार्रवाई पूरी हो चुकी है, जबकि कई जगहों पर तलाशी अब भी जारी है।


बताया जा रहा है कि इससे पहले भी ED ने दोनों कारोबारियों, उनकी कंपनियों और कार्यालयों पर छापेमारी की थी। उस दौरान मिले दस्तावेज़ों के आधार पर दोनों कारोबारियों से पूछताछ भी की गई थी। इसी जांच के क्रम में अब उनके सहयोगियों और संबंधित लोगों के ठिकानों पर दोबारा कार्रवाई की गई है।

गौरतलब है कि इससे पहले आयकर विभाग, जीएसटी और अन्य एजेंसियां भी इन कारोबारियों के यहां छापेमारी कर चुकी हैं। आयकर विभाग की एक कार्रवाई में एलबी सिंह के खातों में करीब ₹100 करोड़ मिलने का मामला राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में रहा था। एलबी सिंह भाजपा से जुड़े नेता भी बताए जाते हैं। वहीं, पिछली ED छापेमारी के दौरान उनके आवास पर टीम के पहुंचने पर परिसर में कुत्ता छोड़ने की घटना भी काफी चर्चा में रही थी।


फिलहाल ED की जांच जारी है और बरामद दस्तावेज़ों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply