
रांची: झारखंड की अग्निशमन एवं आपदा प्रतिक्रिया व्यवस्था को और अधिक आधुनिक एवं प्रभावी बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गुरुवार को धुर्वा स्थित केंद्रीय प्रशिक्षण संस्थान, गृह रक्षा वाहिनी परिसर में आयोजित कार्यक्रम में 58 आधुनिक मिनी वाटर टेंडर विद मिस्ट टेक्नोलॉजी का लोकार्पण किया। इस अवसर पर विधायक कल्पना सोरेन सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के शहरी क्षेत्रों की संकरी गलियों, घनी आबादी वाले इलाकों तथा ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों को ध्यान में रखते हुए इन आधुनिक एवं कॉम्पैक्ट अग्निशमन वाहनों को बेड़े में शामिल किया गया है। इससे आग लगने की घटनाओं में त्वरित प्रतिक्रिया संभव होगी और मानव जीवन के साथ-साथ संपत्ति की सुरक्षा भी बेहतर ढंग से की जा सकेगी।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में आधुनिक फायर सेफ्टी सिस्टम की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है। सरकार का लक्ष्य झारखंड की अग्निशमन सेवा को तकनीकी रूप से मजबूत और आधुनिक बनाना है। मिस्ट टेक्नोलॉजी से लैस ये वाहन कम पानी में भी प्रभावी ढंग से आग पर नियंत्रण पाने में सक्षम होंगे, जिससे जल संसाधनों का भी बेहतर उपयोग होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केवल 58 नए वाहनों का लोकार्पण नहीं, बल्कि राज्य के नागरिकों की सुरक्षा के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि अब उन क्षेत्रों तक भी अग्निशमन सेवाएं पहुंच सकेंगी, जहां बड़ी फायर ब्रिगेड गाड़ियों का पहुंचना संभव नहीं था।

हेमंत सोरेन ने अग्निशमन सेवा के जवानों की सराहना करते हुए कहा कि वे केवल आग बुझाने का ही नहीं, बल्कि अपनी जान जोखिम में डालकर लोगों के जीवन और संपत्ति की रक्षा करने का भी महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों और जवानों को उनके साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा के लिए शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में राज्य के मुख्य सचिव अविनाश कुमार, गृह विभाग की अपर मुख्य सचिव वंदना दादेल, डीजी फायर सर्विसेज एम.एस. भाटिया, डीजीपी तदाशा मिश्रा सहित पुलिस एवं प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



