
रांची: आदिवासी महोत्सव-2026 के तहत झारखंड फिल्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (JFFDCL) की ओर से 9 अगस्त को मोराबादी मैदान, रांची में विशेष फिल्म फेस्टिवल एवं मास्टर क्लास का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम का उद्देश्य राज्य के युवाओं और विद्यार्थियों को फिल्म निर्माण, विजुअल स्टोरीटेलिंग और मीडिया इंडस्ट्री में करियर की संभावनाओं से परिचित कराना है।
कार्यक्रम में राज्य के विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों के विद्यार्थियों को शामिल होने का अवसर मिलेगा। विनोबा भावे विश्वविद्यालय, हजारीबाग से जनसंचार, पत्रकारिता, मीडिया स्टडीज, फिल्म स्टडीज, परफॉर्मिंग आर्ट्स, विजुअल कम्युनिकेशन एवं संबंधित विषयों के कम से कम 50 विद्यार्थियों को कार्यक्रम में भेजने का अनुरोध किया गया है।
आदिवासी जीवन और संस्कृति पर आधारित फिल्मों का होगा प्रदर्शन
फिल्म फेस्टिवल के दौरान आदिवासी जीवन, स्वदेशी संस्कृति, सामाजिक सरोकारों और उत्कृष्ट सिनेमा पर आधारित फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके साथ ही विद्यार्थियों के लिए “Film Making and Career Opportunities in the Film Industry” विषय पर विशेष मास्टर क्लास आयोजित की जाएगी।

मास्टर क्लास का संचालन सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (SRFTI), कोलकाता के विशेषज्ञ एवं प्राध्यापक करेंगे।
फिल्म मेकिंग से लेकर करियर तक की मिलेगी जानकारी
मास्टर क्लास में विद्यार्थियों को फिल्म निर्माण की मूलभूत तकनीक, विजुअल स्टोरीटेलिंग, पटकथा लेखन, निर्देशन, सिनेमैटोग्राफी, एडिटिंग और साउंड डिजाइन की जानकारी दी जाएगी।
इसके अलावा फिल्म, टेलीविजन, OTT और डिजिटल कंटेंट इंडस्ट्री में उपलब्ध करियर विकल्पों के बारे में भी विशेषज्ञ मार्गदर्शन देंगे। सिनेमा एवं मीडिया के क्षेत्र में उच्च शिक्षा और रोजगार की संभावनाओं पर भी चर्चा होगी।
युवाओं के लिए करियर निर्माण का मंच
झारखंड फिल्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन के अनुसार, यह पहल राज्य के युवा विद्यार्थियों को फिल्म और मीडिया उद्योग की व्यावहारिक समझ देने के साथ उनकी रचनात्मक प्रतिभा को नए अवसर प्रदान करेगी।
गौरतलब है कि 22 जुलाई को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की उपस्थिति में झारखंड राज्य फिल्म विकास निगम और सत्यजीत रे फिल्म इंस्टीट्यूट, कोलकाता के बीच फिल्म इंस्टीट्यूट की स्थापना को लेकर एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए थे। ऐसे में आदिवासी महोत्सव के दौरान आयोजित यह फिल्म फेस्टिवल और मास्टर क्लास झारखंड में फिल्म एवं मीडिया शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।
