गुरुनानक विद्यालय में PTM के साथ आर्ट एंड क्राफ्ट प्रदर्शनी, बच्चों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा

Spread the love

रांची, 8 अगस्त 2026: गुरुनानक विद्यालय में शनिवार को पेरेंट्स-टीचर्स मीटिंग (PTM) के साथ ‘आर्ट एंड क्राफ्ट प्रदर्शनी’ का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी का उद्देश्य विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा और कल्पनाशक्ति को प्रोत्साहित करना रहा।


कार्यक्रम की शुरुआत कक्षा प्रेप के विद्यार्थियों के मनमोहक स्वागत नृत्य से हुई। नर्सरी से कक्षा पांच तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रदर्शनी में हिस्सा लिया। नर्सरी से प्रेप तक के बच्चों ने बेकार कागज और अन्य अनुपयोगी सामग्री का रचनात्मक इस्तेमाल कर फूल, तितली, सूरज, मधुमक्खी, खरगोश, पक्षी, फूलदान, फलों के मॉडल और मानव आकृतियों सहित कई आकर्षक कलाकृतियां तैयार कीं।


छोटे बच्चों की कल्पनाशक्ति को ‘Space Junction’, ‘Fairy Tale World’ और ‘Garden Theme’ जैसे विषयों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। वहीं कक्षा 1 और 2 के विद्यार्थियों ने मिट्टी यानी क्ले से फूलों के गमले, सजावटी पात्र, फल-सब्जियों के मॉडल, पक्षी, मानव आकृतियां और प्रकृति से जुड़ी कई रचनाएं बनाईं।


कक्षा 3 से 5 के विद्यार्थियों ने एंगर मैनेजमेंट विषय पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। नाटक के जरिए बच्चों ने वर्तमान परिस्थितियों और परिवेश में खुद को क्रोध से दूर रखने तथा सकारात्मक तरीके से भावनाओं को नियंत्रित करने का संदेश दिया।


प्रदर्शनी में हाथी संरक्षण और वन्यजीव सुरक्षा को भी प्रमुखता दी गई। बच्चों ने अपनी कलाकृतियों के माध्यम से पर्यावरण एवं वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। इसके अलावा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के शैक्षिक और रचनात्मक उपयोग को भी प्रदर्शित किया गया।
प्रदर्शनी में मनोभावों और विभिन्न आकृतियों के साथ-साथ पैटर्न, संख्या और मैप के माध्यम से गणित की मूल अवधारणाओं को कला से जोड़ने का प्रयास भी देखने को मिला।


अभिभावकों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर बच्चों की कलाकृतियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियां बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ रचनात्मकता, प्रकृति प्रेम और सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य, विद्यालय की प्रधानाचार्य और मुख्य अध्यापिका सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे। विद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

Leave a Reply