JPSC-JSSC विवाद पर सरकार से छात्रों की वार्ता, नहीं निकला अंतिम समाधान; देवेंद्र नाथ महतो से भूख हड़ताल खत्म करने की अपील

Spread the love

रांची, 8 अगस्त 2026: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) एवं झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की परीक्षाओं में कथित अनियमितता और धांधली के खिलाफ छात्रों का आंदोलन लगातार जारी है। शनिवार को मोरहाबादी स्थित स्टेट गेस्ट हाउस में सरकार के प्रतिनिधिमंडल और छात्र प्रतिनिधिमंडल के बीच महत्वपूर्ण वार्ता हुई।


सरकार की ओर से मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, सुदिव्य कुमार सोनू, चमरा लिंडा और संजय प्रसाद यादव वार्ता में शामिल हुए। वहीं छात्र प्रतिनिधिमंडल में रामा अवतार महतो, दिनबंधु मंडल, चंदन रजक, विमल कुमार, प्रेम कुमार, रवि शंकर, अमित कुमार शर्मा और कमलेश चौधरी शामिल रहे।


बैठक के दौरान छात्र प्रतिनिधिमंडल ने अपनी विभिन्न मांगों को तथ्यों और साक्ष्यों के साथ सरकार के सामने रखा। मांगों के अलग-अलग बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा हुई। हालांकि, वार्ता किसी अंतिम और निर्णायक निष्कर्ष तक नहीं पहुंच सकी। सरकार की ओर से आगे भी बातचीत जारी रखने का आमंत्रण दिया गया है।


मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल समाप्त करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार जल्द ही इस मामले में सकारात्मक निर्णय की घोषणा करेगी।


वहीं, देवेंद्र नाथ महतो की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल का शनिवार को सातवां दिन रहा। उन्होंने झारखंड आंदोलन के शहीद निर्मल महतो को पुष्पांजलि अर्पित करते हुए अपने सातवें दिन के आंदोलन को उन्हें समर्पित किया। उन्होंने कहा कि शहीद निर्मल महतो के संघर्ष, त्याग और बलिदान से प्रेरणा लेकर छात्रों के न्यायपूर्ण आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा।


बताया गया कि छात्रों के सत्याग्रह धरने का शनिवार को 15वां दिन रहा। आंदोलन को समर्थन देने और देवेंद्र नाथ महतो के स्वास्थ्य की जानकारी लेने के लिए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद आदित्य प्रसाद साहू और अभिनेता पीयूष मिश्रा भी धरना स्थल पहुंचे। दोनों ने आंदोलनरत छात्रों से मुलाकात कर उनकी स्थिति की जानकारी ली और आंदोलन के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया।


🔴 मुख्य बातें


JPSC-JSSC मुद्दे पर सरकार और छात्र प्रतिनिधिमंडल के बीच वार्ता


वार्ता में चार मंत्री रहे मौजूद

छात्रों ने तथ्यों और साक्ष्यों के साथ रखीं मांगें

बैठक में कोई अंतिम निर्णय नहीं


सरकार ने आगे वार्ता जारी रखने का दिया न्योता


देवेंद्र नाथ महतो से भूख हड़ताल खत्म करने की अपील

भूख हड़ताल का सातवां दिन शहीद निर्मल महतो को समर्पित

छात्र सत्याग्रह का 15वां दिन

आदित्य प्रसाद साहू और पीयूष मिश्रा ने धरना स्थल पहुंचकर जताया समर्थन

Leave a Reply