भाजपा छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ कर रही, उसके नापाक मंसूबे कभी कामयाब नहीं होंगे : विनोद पांडेय

Spread the love

रांची: झामुमो महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने भाजपा पर झारखंड के छात्रों और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार ने छात्रों की मांगों के प्रति पूरी संवेदनशीलता दिखाई है और करीब 98 प्रतिशत मांगों पर सरकार सहमत है।


विनोद पांडेय ने कहा कि सरकार ने 14वीं जेपीएससी और बैकलॉग परीक्षाओं की जांच, आपराधिक मामलों की सीआईडी जांच, वित्तीय अनियमितताओं की जांच के लिए ईडी से अनुरोध, दोषियों के खिलाफ 90 दिनों में चार्जशीट दाखिल करने के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट तथा आयोग में व्यापक सुधार जैसे महत्वपूर्ण कदम उठाने पर सहमति जताई है।


JSSC CGL रद्द करने की मांग पर क्या बोले विनोद पांडेय?
जेएसएससी सीजीएल परीक्षा को रद्द करने की मांग पर विनोद पांडेय ने कहा कि सरकार ने इसकी कानूनी और व्यावहारिक स्थिति स्पष्ट कर दी है। उनके अनुसार परीक्षा उच्चतम न्यायालय और उच्च न्यायालय के आदेश के बाद आयोजित हुई थी। परीक्षा का परिणाम भी घोषित हो चुका है और चयनित अभ्यर्थी नौकरी कर रहे हैं।


उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में परीक्षा रद्द करना हजारों चयनित युवाओं के भविष्य के साथ अन्याय होगा। सरकार ने इसके स्थान पर सेवानिवृत्त न्यायाधीश की अध्यक्षता और सीआईडी की निगरानी में स्वतंत्र जांच का प्रस्ताव दिया है।
भाजपा पर लगाया भर्ती परीक्षाओं को उलझाने का आरोप
झामुमो महासचिव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि सीबीआई जांच की मांग के जरिए भाजपा झारखंड की भर्ती परीक्षाओं को दोबारा विवाद और कानूनी उलझनों में फंसाना चाहती है।


उन्होंने पहली और दूसरी जेपीएससी की सीबीआई जांच का जिक्र करते हुए भाजपा से सवाल किया कि वर्षों तक चली जांच से राज्य के युवाओं को आखिर क्या मिला।

भाजपा शासनकाल पर भी उठाए सवाल


विनोद पांडेय ने आरोप लगाया कि भाजपा शासनकाल में भी जेपीएससी परीक्षाओं को लेकर अनियमितता, कॉपियों में कथित हेरफेर, नंबर बढ़ाने, भाई-भतीजावाद और चयन प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर गंभीर सवाल उठते रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आज भाजपा युवाओं के हित की बात कर रही है, लेकिन राज्य और देश के नौजवान पिछली जेपीएससी परीक्षाओं की जांच को लेकर सवालों से परिचित हैं। उन्होंने दावा किया कि पहली और दूसरी जेपीएससी परीक्षा की सीबीआई जांच अब तक किसी निर्णायक नतीजे तक नहीं पहुंची है।


विनोद पांडेय ने कहा कि इंटरनेट पर उपलब्ध जानकारी से भी भाजपा नेताओं के कथित “चाल, चरित्र और चेहरा” सामने आ सकता है।


‘भाजपा के राजनीतिक मंसूबे कभी कामयाब नहीं होंगे’
विनोद पांडेय ने कहा कि झारखंड का युवा जागरूक है और भाजपा की राजनीति को अच्छी तरह समझता है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है।


उन्होंने कहा कि झारखंड में भाजपा के “नापाक इरादे और राजनीतिक मंसूबे” कभी कामयाब नहीं होंगे।

Leave a Reply