
रांची, 06 अक्टूबर 2026: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मंगलवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में रांची जिला दुर्गा पूजा समिति, रांची महानगर दुर्गा पूजा समिति एवं विभिन्न शांति समितियों के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को चुनरी, मां दुर्गा की प्रतिमा एवं गुलदस्ता भेंट कर उनका अभिवादन किया और दुर्गा पूजा उत्सव में शामिल होने का आमंत्रण दिया।

प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन की ओर से दुर्गा पूजा समितियों को मिल रहे सहयोग के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया। सदस्यों ने कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा पूजा समितियों के साथ बैठक कर समस्याओं का समाधान समय रहते किया जा रहा है, जिससे पूजा आयोजन में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो रही है।

मुख्यमंत्री को सपरिवार पंडाल भ्रमण का आमंत्रण
दुर्गा पूजा समितियों के सदस्यों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को रांची के विभिन्न पूजा पंडालों का सपरिवार भ्रमण करने, माता रानी के दर्शन करने और महाआरती में शामिल होने के लिए सादर आमंत्रित किया। मुख्यमंत्री ने आमंत्रण स्वीकार करते हुए कहा कि वे इस वर्ष दुर्गा पूजा उत्सव में शामिल होंगे और विभिन्न पूजा पंडालों का भ्रमण कर माता रानी का आशीर्वाद लेंगे।

पर्यावरण अनुकूल विसर्जन पर मुख्यमंत्री का जोर
मुख्यमंत्री ने पूजा समितियों को सुझाव दिया कि आस्था और परंपरा को बनाए रखते हुए मूर्ति विसर्जन को पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में काम किया जाए। उन्होंने कहा कि मूर्ति विसर्जन के बाद तालाबों और अन्य जलाशयों की स्थिति पर्यावरण के लिए चुनौती बनती है। ऐसे में राज्य सरकार और पूजा समितियों के बीच समन्वय से पर्यावरण अनुकूल विसर्जन की वैकल्पिक व्यवस्था तैयार की जानी चाहिए।
पूजा पंडालों में लगेगा नशा मुक्ति जागरूकता का संदेश
मुख्यमंत्री ने दुर्गा पूजा समितियों से पूजा पंडालों में नशा मुक्ति जागरूकता से संबंधित होर्डिंग और बैनर लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के समन्वय से ही नशा मुक्त झारखंड के लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

पूजा समिति के सदस्यों ने मुख्यमंत्री को भरोसा दिलाया कि पंडालों में नशा मुक्ति को लेकर बैनर और होर्डिंग लगाए जाएंगे। साथ ही अनाउंसमेंट के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए जागरूक किया जाएगा।

सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर दिए निर्देश
मुख्यमंत्री ने दुर्गा पूजा को शक्ति की उपासना और असत्य पर सत्य की विजय का पर्व बताते हुए सभी पूजा समितियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिया कि त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था, बिजली, पानी, साफ-सफाई और यातायात व्यवस्था सुचारू रहे।

मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को पंडालों में दर्शन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका ध्यान रखने का निर्देश दिया।
इस दौरान रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री और वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को दुर्गा पूजा को लेकर जिला प्रशासन की तैयारियों की जानकारी दी।

मुलाकात के दौरान रांची जिला दुर्गा पूजा समिति, रांची महानगर दुर्गा पूजा समिति और शांति समिति के कई पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए राज्य की तरक्की और खुशहाली की कामना की।