एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित बने भारतीय वायु सेना के नए प्रमुख, 3500 घंटे से ज्यादा उड़ान का अनुभव

Spread the love

नई दिल्ली: एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित को भारतीय वायु सेना का नया प्रमुख नियुक्त किया गया है। करीब चार दशक के लंबे सैन्य करियर में उन्होंने विभिन्न महत्वपूर्ण ऑपरेशनों और सैन्य अभ्यासों में सक्रिय भूमिका निभाई है।


एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित को 06 दिसंबर 1986 को भारतीय वायु सेना की फाइटर स्ट्रीम में कमीशन किया गया था। उनके पास 3500 घंटे से अधिक की उड़ान का अनुभव है। वह एक्सपेरिमेंटल टेस्ट पायलट के साथ-साथ क्वालिफाइड फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर भी हैं।


उन्होंने अपने करियर के दौरान मिराज-2000, मिग के विभिन्न वर्जन, HPT-32, An-32, एवरो, किरण, जगुआर, IL-78, हॉक और LCA तेजस समेत कई प्रकार के विमानों को उड़ाया है।


एयर मार्शल दीक्षित ऑपरेशन सफेद सागर, ऑपरेशन रक्षक, कोप-इंडिया और ऑपरेशन सिंदूर जैसी महत्वपूर्ण सैन्य गतिविधियों और अभियानों में भी शामिल रहे हैं।


भारतीय वायु सेना में स्वदेशी LCA तेजस और अन्य स्वदेशी विमान परियोजनाओं को बढ़ावा देने में भी एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। ऐसे में उनके वायु सेना प्रमुख बनने से केंद्र सरकार की ‘आत्मनिर्भर भारत’ और रक्षा क्षेत्र में स्वदेशीकरण की पहल को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।


एयर मार्शल दीक्षित ने नेशनल डिफेंस एकेडमी, डिफेंस स्टाफ सर्विस कॉलेज (बांग्लादेश) और नेशनल डिफेंस कॉलेज से शिक्षा एवं प्रशिक्षण प्राप्त किया है।


उनका लंबा परिचालन अनुभव, टेस्ट पायलट के रूप में विशेषज्ञता और स्वदेशी रक्षा परियोजनाओं से जुड़ाव भारतीय वायु सेना के नेतृत्व में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

Leave a Reply