झारखंड स्थापना दिवस समारोह की तैयारियों का डीसी मंजूनाथ भजन्त्री ने लिया जायजा, 28 नवंबर को खेलगांव में होगा मुख्य आयोजन

Spread the love

रांची: झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा-2026 के तहत 28 नवंबर को रांची के खेलगांव में राज्यस्तरीय मुख्य समारोह का आयोजन किया जाएगा। इसे लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। वहीं, 26 से 28 नवंबर तक खेलगांव में भव्य मेला-सह-प्रदर्शनी का भी आयोजन होगा। कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने खेलगांव पहुंचकर आयोजन स्थल का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कार्यक्रम स्थल पर की जा रही विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी संबंधित पदाधिकारियों से ली। इसके बाद अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आयोजन को सफल, सुव्यवस्थित और यादगार बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय-सीमा में तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया।

सुरक्षा से लेकर स्वास्थ्य सुविधाओं तक विशेष निर्देश

उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि राज्यस्तरीय इस समारोह में झारखंड के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में अतिथियों, प्रतिभागियों और आम नागरिकों के शामिल होने की संभावना है। ऐसे में आयोजन के दौरान किसी को भी असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को पूरी जिम्मेदारी और तत्परता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने को कहा।

उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त संख्या में एंबुलेंस, मेडिकल टीम और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध रखने का निर्देश दिया, ताकि आपात स्थिति में तत्काल सहायता मिल सके। इसके अलावा मेला परिसर में पेयजल, मोबाइल टॉयलेट, नियमित साफ-सफाई और कचरा प्रबंधन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

ट्रैफिक और पार्किंग व्यवस्था पर भी जोर

कार्यक्रम में आने वाले अतिथियों और आम नागरिकों की सुविधा को देखते हुए उपायुक्त ने सुव्यवस्थित यातायात एवं पार्किंग प्लान तैयार करने का निर्देश दिया। साथ ही पूरे आयोजन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने, संवेदनशील स्थानों को चिह्नित करने और भीड़ प्रबंधन के लिए जरूरी इंतजाम करने को कहा।

उन्होंने कार्यक्रम स्थल, मेला परिसर और आवागमन मार्गों पर पर्याप्त रोशनी तथा निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया। इसके अलावा प्रवेश-निकास द्वार, पार्किंग, पेयजल, शौचालय, चिकित्सा केंद्र और विभिन्न स्टॉल तक पहुंचने के लिए स्पष्ट साइनेज लगाने को कहा गया।

उपायुक्त ने पूरे परिसर में साफ-सफाई, जल निकासी और अन्य बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त रखने का निर्देश देते हुए कहा कि कार्यक्रम शुरू होने से पहले सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं।

ये अधिकारी रहे मौजूद

निरीक्षण और समीक्षा बैठक के दौरान उप विकास आयुक्त संजय भगत, अनुमंडल पदाधिकारी सदर कुमार रजत, प्रशिक्षु आईएएस आस्था शरण, अपर नगर आयुक्त संजय कुमार, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) धनंजय, परियोजना निदेशक आईटीडीए मनीषा तिर्की, जिला नजारत उपसमाहर्ता सुदेश कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी अखिलेश कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी उर्वशी पाण्डेय, जिला शिक्षा पदाधिकारी मोहम्मद वसीम अहमद, जिला शिक्षा अधीक्षक बादल राज, जिला खेल पदाधिकारी शिवेंद्र कुमार सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।



बता दें कि 26 से 28 नवंबर तक खेलगांव में मेला-सह-प्रदर्शनी आयोजित होगी, जबकि 28 नवंबर को झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा-2026 का राज्यस्तरीय मुख्य समारोह आयोजित किया जाएगा।

Leave a Reply