
रांची। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा और सुशासन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भाजपा प्रदेश कार्यालय में उत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी की और एक-दूसरे के बीच लड्डू बांटकर खुशी मनाई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज सामर्थ्यवान देश बन चुका है। उन्होंने कहा कि आज भारत किसी के आगे झुकता नहीं है और देश को नुकसान पहुंचाने वालों को जवाब देने में सक्षम है।

दीपक प्रकाश ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘वी विल डू इट’ के संदेश के साथ देशवासियों का मनोबल बढ़ाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने के संकल्प के साथ देश आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने दावा किया कि मोदी सरकार के नेतृत्व में भारत दुनिया की मजबूत अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हुआ है और देश तेजी से विकास कर रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं के माध्यम से बड़ी संख्या में लोगों को गरीबी से बाहर निकालने का काम हुआ है।

दीपक प्रकाश ने ‘मेक इन इंडिया’ का उल्लेख करते हुए कहा कि देश के युवा अब केवल नौकरी तलाशने वाले नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि अंतरिक्ष के क्षेत्र में भी भारत ने महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं।
‘महत्वाकांक्षा नहीं, मिशन के लिए जीते हैं मोदी’
कार्यक्रम में भाजपा कार्यसमिति सदस्य रमेश सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा के लिए नहीं, बल्कि एक मिशन के लिए जीते हैं। उन्होंने कहा कि जब तक भारत विकसित नहीं हो जाता, प्रधानमंत्री रुकने वाले नहीं हैं।
रमेश सिंह ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को गर्व है कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सेवा में अपना योगदान दे रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए कहा कि वे इसी तरह देश की सेवा करते रहें।

बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद
उत्सव कार्यक्रम में रमाकांत महतो, केके गुप्ता, राहुल अवस्थी, सीमा सिंह, शशांक राज, सन्नी टोप्पो, मनोज बाजपेयी, सूरज शाहदेव, तारिक इमरान, नीरज सिंह, गंगोत्री कुजूर, उमेश रंजन साहू, ललित ओझा, बिनय राज, बिनय सिंह, पंकज सिन्हा, मनोज दुबे, जोनी वाकर, राजीव शाहदेव, प्रभुदयाल बड़ाइक, रंजीता सिंह, दिनेश साहू, संजय जायसवाल, सुनील साहू, अमन जायसवाल, सुनील पांडेय, अभय पांडेय, संजय चौधरी, अनिल सिंह, अनुज श्रीवास्तव, ब्रजेश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।