
झारखंड की राजनीति में पूर्व मुख्यमंत्रियों की सुरक्षा और सरकारी वाहनों की स्थिति को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने अपनी सुरक्षा में तैनात जर्जर बुलेटप्रूफ वाहन को राज्य सरकार को ससम्मान वापस लौटा दिया है। इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को एक कड़ा पत्र लिखा है, जिसमें उन्होंने सुरक्षा में हो रही अनदेखी, अधिकारियों के रवैये और राजनीतिक दुर्भावना की आशंका पर गंभीर सवाल उठाए हैं।

लगातार बीच रास्ते में धोखा दे रही थी 13 साल पुरानी गाड़ी
बाबूलाल मरांडी ने अपने पत्र में स्पष्ट किया है कि उन्हें आवंटित बुलेटप्रूफ सफारी 13 वर्ष पुरानी हो चुकी है और बीच रास्ते में बार-बार बंद हो जाती है। इसके अलावा, काफ़िले में सुरक्षाकर्मियों के लिए लगाई गई तीन जिप्सियां भी चार लाख किलोमीटर से ज्यादा चल चुकी हैं और पूरी तरह जर्जर हैं। मरांडी ने सीएम सोरेन से सीधा सवाल किया है, “जिस गाड़ी के बार-बार बंद होने की सूचना मैं उच्चाधिकारियों को दे चुका हूं, उसी में मुझसे दौरे की अपेक्षा की जाती है। हेमंत जी, क्या अपने लिए आप ऐसे वाहन में अगला दौरा करना स्वीकार करेंगे?” उन्होंने यह भी चिंता जताई कि गाड़ी खराब होने पर सुरक्षा में तैनात जवानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

“ऊपर से रोका जा रहा है” का आरोप
पत्र में एक बड़ा सवाल उठाते हुए मरांडी ने कहा कि जब भी गाड़ी बदलने की बात होती है, तो अधिकारी अनौपचारिक तौर पर कहते हैं कि “ऊपर से रोका जा रहा है।” उन्होंने मुख्यमंत्री से पूछा है कि आखिर यह ‘ऊपर’ कौन है और किस आधार पर फैसले टाले जा रहे हैं। मरांडी ने याद दिलाया कि उन्होंने 21 मार्च 2026 को भी इस मुद्दे पर पत्र लिखा था। उनके अनुसार, दिसंबर 2024 में गृह विभाग ने 17 नई बुलेटप्रूफ गाड़ियां खरीदी थीं। इनमें से मुख्यमंत्री और राजभवन के लिए गाड़ियां आवंटित हो गईं, लेकिन विपक्ष के पूर्व मुख्यमंत्रियों को 10-12 साल पुरानी गाड़ियों से ही काम चलाना पड़ रहा है।

अर्जुन मुंडा के काफिले की दुर्घटना का भी जिक्र
सुरक्षा में लापरवाही का यह मुद्दा केवल बाबूलाल मरांडी तक सीमित नहीं है। उन्होंने अपने पत्र में पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा की सुरक्षा का भी जिक्र किया है। मरांडी ने बताया कि अर्जुन मुंडा के कार्यालय से जुलाई 2024 से जून 2026 के बीच छह बार पत्र लिखे गए। इसके बावजूद, 6 नवंबर की रात चौका के पास उनके काफिले का एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। मरांडी ने सरकार से पूछा है कि छह पत्रों और विभाग के निर्देशों के बावजूद सरकार ने क्या कार्रवाई की।

“एक दिन आपके नाम के आगे भी पूर्व मुख्यमंत्री लिखा जाएगा”
पत्र के अंत में बाबूलाल मरांडी ने हेमंत सोरेन को एक सख्त संदेश देते हुए लिखा, “हममें से कोई अमृत पीकर मुख्यमंत्री की कुर्सी पर नहीं बैठा है। एक दिन आपके नाम के आगे भी ‘पूर्व मुख्यमंत्री’ लिखा जाएगा। उस दिन यदि आपकी गाड़ी बीच रास्ते में बंद हो और कोई अधिकारी आपसे भी धीमे स्वर में कहे कि ‘सर, ऊपर से रोक है,’ तो आप उससे क्या उत्तर चाहेंगे? आज आपके पास अधिकार है, वही उत्तर आज मुझे दीजिए।”

मरांडी ने मांग की है कि गृह विभाग तत्काल तकनीकी जांच में उपयुक्त पाए गए नए वाहन उपलब्ध कराए। साथ ही, सभी पूर्व मुख्यमंत्रियों के सुरक्षा वाहनों की समान मानदंड पर समीक्षा की जाए और सात दिनों के भीतर पिछली शिकायतों पर हुई कार्रवाई का लिखित विवरण उन्हें सौंपा जाए।