
रांची। कांके प्रखंड के बोडेया गांव में 9 नवंबर 2026 को आदिवासी परंपरा और संस्कृति का प्रतीक सोहराई पर्व बड़े ही धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर ग्रामीणों ने अपने गाय-बैलों को नदी और तालाब में स्नान कराया तथा पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार उनकी पूजा-अर्चना कर स्वागत किया।

सोहराई पर्व को लेकर गांव में सुबह से ही उत्साह का माहौल रहा। घर की महिलाओं ने अपने आंगन और विशेष रूप से गोहार घर की साफ-सफाई की। इसके बाद गाय-बैलों के पैरों को हड़िया के पानी से धोया गया। उनके सींगों पर तेल और सिंदूर लगाया गया तथा शरीर पर रंग-बिरंगे चित्र उकेरे गए। फूल-मालाओं से सजाकर पशुओं का स्वागत किया गया। इस दौरान उन्हें उड़द का दाना, चावल का डुंबु और हड़िया भी पिलाया गया।

इस मौके पर केंद्रीय सरना समिति के केंद्रीय अध्यक्ष फूलचंद तिर्की ने कहा कि प्राकृतिक पूजक आदिवासी समाज सोहराई पर्व को बड़े उत्साह और पारंपरिक तरीके से मनाता है। यह त्योहार अच्छी फसल होने की खुशी में मनाया जाता है। सोहराई पर्व मनुष्य और पशुओं के बीच प्रेम, सहयोग और आपसी संबंधों को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि खेती-किसानी में पशुओं का महत्वपूर्ण योगदान रहता है। खेत की जुताई से लेकर धान की फसल तैयार करने, उसे खलिहान तक लाने और धान की मिसाई करने तक पशु किसानों के सहयोगी होते हैं। फसल को खलिहान से घर तक पहुंचाने में भी पशुओं की अहम भूमिका होती है। इसी योगदान के प्रति आभार प्रकट करने और पशुओं के सम्मान में सोहराई पर्व मनाया जाता है।

उन्होंने बताया कि पर्व के दूसरे दिन ग्रामीण गांव के अखाड़े में ढोल, नगाड़ा और मांदर की थाप पर पारंपरिक नृत्य और गीत प्रस्तुत करते हैं। इसके साथ ही विभिन्न गांवों में सोहराई जतरा का आयोजन भी किया जाता है।

सोहराई पर्व आदिवासी समाज की प्रकृति के प्रति आस्था, कृषि संस्कृति और पशु प्रेम की अनूठी परंपरा को जीवंत बनाए रखने का संदेश देता है।





