
सिमडेगा। सिमडेगा विधायक के विरुद्ध गलत एवं भ्रामक गवाही दिलाने के लिए एक नाबालिग लड़की को कथित तौर पर अगवा कर डराने-धमकाने और दबाव बनाने का मामला सामने आया है। इस मामले में पाकरटांड़ थाना में दो नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता ने पाकरटांड़ थाना में लिखित आवेदन देकर आरोप लगाया है कि उनकी नाबालिग पोती को दिलीप तिर्की और अभिषेक भारती नामक दो व्यक्तियों ने अगवा कर लिया था। आरोप है कि दोनों ने नाबालिग को डराया-धमकाया और दबाव बनाकर सिमडेगा विधायक के खिलाफ गलत एवं भ्रामक बातें बोलने तथा झूठे आरोपों के संबंध में गवाही देने के लिए विवश किया।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि कथित दबाव में नाबालिग ने विधायक के विरुद्ध आरोप लगाते हुए गवाही दी, जिसे एक न्यूज चैनल पर प्रसारित किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों नामजद आरोपियों के खिलाफ पाकरटांड़ थाना कांड संख्या 25/2026, दिनांक 13 नवंबर 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 23(4) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि प्राप्त तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
नोट: मामले में लगाए गए आरोपों की जांच जारी है। आरोपों की पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।