सावन की पहली सोमवारी पर बाबा बैद्यनाथ धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, 2 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान

Spread the love

देवघर: सावन की पहली सोमवारी पर बाबा बैद्यनाथ धाम में आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। सुबह से ही देश के विभिन्न राज्यों से आए लाखों कांवरियों और श्रद्धालुओं की भीड़ बाबा भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए मंदिर परिसर और देवघर की सड़कों पर उमड़ पड़ी। पूरा शहर “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष से भक्तिमय हो गया।


जिला प्रशासन के अनुसार सोमवार तक दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं के देवघर पहुंचने का अनुमान है। श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और सुगम जलार्पण के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।


प्रशासन ने इस बार तकनीक आधारित निगरानी व्यवस्था लागू की है। सीसीटीवी कैमरों, कंट्रोल रूम और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के जरिए पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी की जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक कराया जा सके।
अधिकारियों का कहना है कि जैसे-जैसे दिन आगे बढ़ेगा, श्रद्धालुओं की संख्या में और वृद्धि होने की संभावना है। प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ व्यवस्था बनाए रखने में जुटा है, ताकि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा का सामना न करना पड़े।


सावन की पहली सोमवारी पर उमड़ी इस विशाल भीड़ ने एक बार फिर बाबा बैद्यनाथ धाम की धार्मिक महत्ता और श्रद्धालुओं की अटूट आस्था को प्रदर्शित किया।

Leave a Reply