
रांची :सेवा भारती, रांची महानगर का वार्षिकोत्सव सह बाल मेला आगामी 01 फरवरी को आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक सेवा निकेतन, बिरसा चौक, रांची में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष चंद्रकांत रायपत ने की।
बैठक में वार्षिकोत्सव की समस्त व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर विनय लाल को कार्यक्रम का सर्वव्यवस्था प्रमुख तथा सुनील सिंह को सह-व्यवस्था प्रमुख की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके अतिरिक्त विभिन्न कार्यों के लिए अलग-अलग कार्यकर्ताओं को दायित्व प्रदान किया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय सेवा भारती के न्यासी गुरुशरण प्रसाद ने कहा कि सेवा भारती का वार्षिकोत्सव सदैव भव्य और प्रेरणादायी होता है। इस अवसर पर समाज के बीच संस्था की सेवा गतिविधियों का व्यापक प्रदर्शन किया जाता है तथा नए लोगों को सेवा कार्यों से जोड़ने का यह एक महत्वपूर्ण अवसर होता है।

सेवा भारती, रांची महानगर के सचिव श्याम टोरका ने जानकारी दी कि वार्षिकोत्सव के दौरान सिलाई प्रशिक्षण केंद्र से जुड़ी महिलाओं एवं बाल संस्कार केंद्रों के बच्चों द्वारा नगर एवं देशभक्ति समूह गीत प्रतियोगिता, सांस्कृतिक कार्यक्रम, सामूहिक योगासन तथा स्वावलंबन केंद्रों की बिक्री सह प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा।
बैठक में सेवा भारती के प्रांतीय कोषाध्यक्ष राधेश्याम अग्रवाल, रमाकांत दुबे, अशोक अग्रवाल, परमानंद कुजारा, रमेश गुप्ता, उमाशंकर शर्मा एवं रश्मि मिश्रा सहित कई कार्यकर्ता प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।