
रांची :रातू रोड एलिवेटेड कॉरिडोर रांची शहर के यातायात को सुगम बनाने के साथ-साथ अब जनहित के कार्यों का भी केंद्र बनने जा रहा है। कॉरिडोर के नीचे खाली पड़ी भूमि को आम नागरिकों के उपयोग में लाने की दिशा में रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने आज महत्वपूर्ण पहल की।

इस उद्देश्य से आज राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अधिकारियों एवं ओलंपिक संघ के पदाधिकारियों के साथ कॉरिडोर क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान ओटीसी ग्राउंड की ओर रातू रोड एलिवेटेड कॉरिडोर के नीचे इंडोर स्पोर्ट्स सेंटर, इंडोर गेम्स सेंटर, पार्क और ओपन जिम के निर्माण के निर्देश दिए गए।

संजय सेठ ने कहा कि इस पहल से स्थानीय बच्चों को खेल के माध्यम से प्रशिक्षण का अवसर मिलेगा। ओलंपिक संघ के पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे बच्चों और युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ने की योजना तैयार करें। साथ ही, बुजुर्गों के लिए मॉर्निंग वॉक की सुविधा और युवाओं के लिए जिम की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

निरीक्षण के दौरान आमजनों की सुरक्षित आवाजाही को ध्यान में रखते हुए कॉरिडोर के नीचे क्रॉसिंग सड़क के निर्माण के भी निर्देश दिए गए, ताकि पैदल यात्रियों और स्थानीय लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। इसके अलावा नागा बाबा खट्टर एवं लोग भवन क्षेत्र के सभी एलिवेटेड कॉरिडोर का भी अवलोकन किया गया, जहां खाली पड़ी भूमि पर ओपन जिम, पार्क और पार्किंग जैसी सुविधाओं के निर्माण पर चर्चा हुई।
संजय सेठ ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इन सभी योजनाओं को शीघ्र धरातल पर उतारा जाए, ताकि रांची के नागरिकों को बेहतर खेल, स्वास्थ्य और सार्वजनिक सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह परियोजना शहर के सौंदर्यीकरण के साथ-साथ सामाजिक और खेल गतिविधियों को भी नई दिशा देगी।