
रांची : शहर में सार्वजनिक स्थलों पर अड्डाबाजी, अनावश्यक जमावड़ा और नशापान जैसी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर सोमवार रात अनुमंडल पदाधिकारी सदर कुमार रजत के नेतृत्व में शहर के विभिन्न इलाकों में विशेष जांच अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान कचहरी चौक, बड़ा तालाब, हरमू चौक, गाड़ीखाना चौक सहित आसपास के क्षेत्रों में सघन जांच की गई। प्रशासनिक टीम ने सड़क किनारे, सार्वजनिक स्थलों और प्रमुख चौक-चौराहों पर अनावश्यक रूप से एकत्रित लोगों से पूछताछ की तथा उन्हें कानून-व्यवस्था बनाए रखने की सलाह दी।

निरीक्षण के दौरान कुछ स्थानों पर युवकों का अनावश्यक जमावड़ा पाया गया। टीम ने उन्हें सार्वजनिक स्थलों पर अड्डाबाजी नहीं करने, नशे से दूर रहने और सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करने की हिदायत दी। अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत ने स्पष्ट चेतावनी दी कि भविष्य में यदि कोई व्यक्ति सार्वजनिक व्यवस्था को प्रभावित करने वाली गतिविधियों में शामिल पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन का कहना है कि सार्वजनिक स्थलों पर अनावश्यक भीड़, नशापान और असामाजिक गतिविधियां आम नागरिकों की सुरक्षा एवं सुविधा को प्रभावित करती हैं। इसी को देखते हुए ऐसे तत्वों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

जिला प्रशासन ने युवाओं से सकारात्मक और रचनात्मक कार्यों में भागीदारी बढ़ाने तथा रांची को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित शहर बनाने में सहयोग करने की अपील की है।
