
रांची: एनटीपीसी माइनिंग लिमिटेड (एनएमएल) और सेंट्रल माइन प्लानिंग एंड डिजाइन इंस्टीट्यूट लिमिटेड (सीएमपीडीआई) के बीच खनन सलाहकार सेवाओं और तकनीकी सहयोग को लेकर एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए हैं। यह समझौता 30 जून 2026 को रांची स्थित सीएमपीडीआई मुख्यालय में संपन्न हुआ।
इस तीन वर्षीय एमओयू के तहत दोनों संस्थान कोयला एवं खनिज परियोजनाओं के विकास और संचालन में तकनीकी सहयोग तथा सलाहकार सेवाएं प्रदान करेंगे। समझौते को परियोजना-विशिष्ट वर्क ऑर्डर के माध्यम से लागू किया जाएगा।
एमओयू के अंतर्गत अन्वेषण (एक्सप्लोरेशन), खान संचालन, परियोजना प्रबंधन, सर्वेक्षण एवं जीआईएस, पर्यावरण प्रबंधन, माइन क्लोजर प्लानिंग, कोल बेनेफिशिएशन, प्रयोगशाला परीक्षण और क्षमता निर्माण जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग किया जाएगा। इसके अलावा सतही और भूमिगत कोल गैसीफिकेशन, व्यवहार्यता अध्ययन, पायलट परियोजनाओं तथा वैधानिक स्वीकृतियों के लिए भी तकनीकी सलाह उपलब्ध कराई जाएगी।

एनटीपीसी माइनिंग लिमिटेड का कहना है कि इस साझेदारी से कंपनी की तकनीकी क्षमता और अधिक मजबूत होगी तथा कोयला एवं खनिज परिसंपत्तियों के सतत, आधुनिक और आत्मनिर्भर विकास को नई गति मिलेगी।
समझौता हस्ताक्षर समारोह में एनएमएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुब्रत कुमार दाश, सीएमपीडीआई के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक चौधरी शिवराज सिंह, सीएमपीडीआई के निदेशकगण तथा दोनों संस्थानों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने दीर्घकालिक सहयोग, तकनीकी नवाचार और ज्ञान के आदान-प्रदान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
