
राँची | Central Coalfields Limited (सीसीएल) मुख्यालय, राँची में आज एक भव्य एवं गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जनवरी 2026 में सेवानिवृत्त हुए कर्मियों को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।
मुख्यालय स्तर पर 16 कर्मियों को औपचारिक रूप से सम्मानित किया गया, जबकि सीसीएल के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत अन्य सेवानिवृत्त कर्मियों को उनके-अपने क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से ससम्मान विदाई दी गई। इस प्रकार, आज सीसीएल मुख्यालय एवं विभिन्न क्षेत्रों से कुल 201 कर्मियों को गरिमापूर्ण विदाई प्रदान की गई।
समारोह के दौरान एक लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया, जिसमें सेवानिवृत्त कर्मियों ने अपने सेवाकाल के अनुभव, भावनाएँ एवं स्मृतियाँ साझा कीं, जिसने पूरे वातावरण को भावुक एवं प्रेरणादायक बना दिया।

इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सीएमडी, सीसीएल श्री निलेंदु कुमार सिंह सहित निदेशक (मानव संसाधन), निदेशक (तकनीकी/संचालन), निदेशक (योजना एवं परियोजना) एवं मुख्य सतर्कता अधिकारी उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में सीएमडी श्री एन. के. सिंह ने सभी सेवानिवृत्त कर्मियों को जीवन की नई पारी के लिए शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मियों का समर्पण, ईमानदारी और प्रतिबद्धता सीसीएल के लिए अमूल्य धरोहर है, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।
कार्यक्रम के अंत में सभी सेवानिवृत्त कर्मियों को शॉल, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। समारोह में बड़ी संख्या में अधिकारीगण, कर्मचारी एवं सेवानिवृत्त कर्मियों के परिजन उपस्थित रहे।