
राँची | आज राँची स्थित झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय कार्यालय में आज केंद्रीय मनोचिकित्सक संस्थान (सीआईपी), कांके के सुरक्षाकर्मियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने संस्थान से 156 सुरक्षाकर्मियों को हटाकर होमगार्ड की बहाली किए जाने के निर्णय के विरोध में एक मांगपत्र सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने अपनी मांगें झामुमो के केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता विनोद कुमार पाण्डेय के समक्ष रखीं। श्री पाण्डेय ने सुरक्षाकर्मियों की बातों को गंभीरता एवं संवेदनशीलता से सुना और आश्वस्त किया कि इस विषय को सरकार के स्तर पर रखकर समाधान के लिए पहल की जाएगी।

उन्होंने कहा कि कर्मचारियों एवं सुरक्षाकर्मियों के हितों की रक्षा झामुमो की प्राथमिकता रही है और इस मामले में भी न्यायोचित समाधान सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल के साथ झामुमो राँची जिला संयोजक मंडली सदस्य सोनू मुंडा, कांके प्रखंड अध्यक्ष नवीन तिर्की सहित अन्य कार्यकर्ता एवं सुरक्षाकर्मी उपस्थित रहे।

