
रांची। नववर्ष 2026 के अवसर पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने रांची शहर का भ्रमण करते हुए धुर्वा डैम सहित विभिन्न पिकनिक स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था और पर्यटन विकास की संभावनाओं का गहन अवलोकन किया।

धुर्वा डैम निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने चाय की चुस्की के साथ रांची की हरियाली और प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि धुर्वा डैम को एक सुव्यवस्थित पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए ठोस और चरणबद्ध कार्ययोजना तैयार की जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे न केवल रांची के पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

निरीक्षण के क्रम में मुख्यमंत्री ने स्थानीय दुकानदारों और नागरिकों से संवाद किया तथा उनकी समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना। उन्होंने आश्वस्त किया कि सरकार जनसहभागिता के साथ क्षेत्र के समग्र विकास को प्राथमिकता देगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि धुर्वा डैम रांची का एक महत्वपूर्ण जल स्रोत होने के साथ-साथ पर्यटन की अपार संभावनाओं वाला क्षेत्र है, जिसे सरकार क्रमबद्ध तरीके से विकसित करेगी।

इसके उपरांत मुख्यमंत्री ने धुर्वा स्थित ज्यूडिशियल अकादमी, झारखंड का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अकादमी की अधोसंरचना, प्रशिक्षण व्यवस्थाओं और चल रहे कार्यों की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस अवसर पर मुख्य सचिव श्री अविनाश कुमार, पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के सचिव श्री मनोज कुमार सहित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, रांची जिला प्रशासन के पदाधिकारी और पर्यटन विभाग के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
