मनरेगा कानून में बदलाव के विरोध में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, रांची में निकला ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ पैदल मार्च ।

Spread the love

केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा कानून में किए गए बदलाव के विरोध में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने सोमवार को रांची में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ के तहत बापू वाटिका से लोक भवन तक पैदल मार्च निकाला गया।
इस मार्च में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के राजू तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में सीरीबेला प्रसाद, भूपेंद्र मारावी और प्रणव झा उपस्थित रहे। मार्च से पूर्व महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया, जिसके बाद मनरेगा कानून में बदलाव के खिलाफ अनवरत संघर्ष की शपथ कांग्रेसजनों को दिलाई गई।

सभा को संबोधित करते हुए के. राजू ने कहा कि यूपीए सरकार ने मनरेगा के माध्यम से 100 दिनों के रोजगार को कानूनी अधिकार बनाया था और ग्राम पंचायतों को विकास का केंद्र रखा गया था। मनरेगा ने गरीब परिवारों को आर्थिक सुरक्षा दी और कोविड काल में गांव लौटे लाखों मजदूरों को जीवन रेखा प्रदान की। उन्होंने आरोप लगाया कि नए कानून में योजनाओं का निर्धारण केंद्र सरकार करेगी, मजदूरों के अधिकार सीमित किए गए हैं और ठेकेदारी व्यवस्था को बढ़ावा दिया जा रहा है।


प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि यूपीए शासनकाल में मनरेगा का बजट लगातार बढ़ा, जबकि भाजपा सरकार ने इसमें कटौती की। 90:10 के अंशदान को बदलकर 60:40 करना राज्यों पर आर्थिक बोझ डालने वाला फैसला है। उन्होंने चेतावनी दी कि इससे गैर-भाजपा शासित राज्यों के ग्रामीण विकास पर गंभीर असर पड़ेगा।

विधायक दल नेता प्रदीप यादव ने कहा कि केंद्र सरकार जनता के लिए बने सुरक्षा कानूनों को कमजोर कर रही है। कांग्रेस विधायक दल के उप नेता राजेश कच्छप ने मोदी सरकार के निर्णयों को अदूरदर्शी बताते हुए कहा कि कांग्रेस ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ मजबूत करने के लिए मनरेगा दिया था।


सभा को सांसद सुखदेव भगत, वित्त मंत्री डॉ. राधाकृष्ण किशोर, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडे सिंह और कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि मनरेगा केवल नाम बदलने का नहीं, बल्कि गरीबों के अधिकारों पर सीधा हमला है।


सभा का संचालन कार्यकारी अध्यक्ष शहजादा अनवर ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन महिला कांग्रेस अध्यक्ष रमा खलखो ने किया। इस मौके पर राष्ट्रीय सलाहकारी परिषद के सदस्य ज्यां द्रोज सहित कई वरिष्ठ नेता, सांसद, विधायक और हजारों कांग्रेस कार्यकर्ता व मनरेगा मजदूर मौजूद रहे।

Leave a Reply