होटल कैपिटोल हिल के संचालक से 1 करोड़ की मांग, परिवार को जान से मारने की धमकी

Spread the love

रांची में गैंगस्टर प्रिंस खान के नाम पर रंगदारी मांगने का मामला एक बार फिर सामने आया है। इस बार राजधानी के प्रतिष्ठित होटल कैपिटोल हिल के संचालक संजय भाटिया उर्फ टिनू भाटिया से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है। रंगदारी नहीं देने पर पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी दी गई है।

जानकारी के अनुसार, विदेशी नंबर से वॉयस कॉल और व्हाट्सएप कॉल के जरिए धमकी दी गई। भेजे गए मैसेज में पहले “जोहार टिनू भाटिया जी” लिखकर संबोधित किया गया और फिर एक करोड़ रुपये की मांग रखी गई। साथ ही दावा किया गया कि परिवार की पूरी रेकी कर ली गई है और किसी भी समय बड़ी वारदात को अंजाम दिया जा सकता है।

घटना की सूचना मिलते ही रांची पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस अधिकारियों ने पीपी कंपाउंड स्थित भाटिया परिवार के आवास पहुंचकर मामले की जानकारी ली। हालांकि देर रात तक इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज नहीं कराई गई थी।

गौरतलब है कि हाल के दिनों में प्रिंस खान के नाम पर कई कारोबारियों को धमकी भरे कॉल और मैसेज मिले हैं। दो जून को होटल जलजोगा रेस्टोरेंट के मालिक से 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। इससे पहले जयहिंद फार्मा, टीटोस रेस्टोरेंट और अन्य कारोबारियों को भी निशाना बनाया जा चुका है।

लगातार बढ़ रही ऐसी घटनाओं ने राजधानी के व्यवसायियों की चिंता बढ़ा दी है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि धमकी देने वाले वास्तव में प्रिंस खान गिरोह से जुड़े हैं या उसके नाम का इस्तेमाल कर रंगदारी वसूलने की कोशिश कर रहे हैं।

Leave a Reply