
गढ़वा : राजद नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं उद्योग विभाग से नगर ऊंटारी प्रखंड अंतर्गत महदेइया ग्राम में लगभग तीन करोड़ रुपये की लागत से बनकर तैयार आईटीआई भवन में शीघ्र शिक्षण कार्य शुरू कराने की मांग की है।

इस संबंध में प्रमोद कुमार राम (जिला परिषद प्रतिनिधि, राजद नेता, पूर्व प्रदेश सचिव), उमेन्द्र कुमार यादव (राजद नेता, पूर्व जिला परिषद, पूर्व प्रत्याशी 81-भवनाथपुर) तथा संजय यादव ने विभागीय मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। मंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि आईटीआई भवन में कुछ ही महीनों में शिक्षण कार्य प्रारंभ करा दिया जाएगा।

मुलाकात के दौरान आगामी नगर निकाय चुनाव को लेकर भी चर्चा हुई। इसके साथ ही प्रतिनिधिमंडल ने राजद के वरिष्ठ नेता गौतम सागर राणा, पूर्व विधायक एवं राष्ट्रीय जनता दल झारखंड के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष से आशीर्वाद प्राप्त किया। नेताओं ने कहा कि आईटीआई के संचालन से क्षेत्र के युवाओं को तकनीकी शिक्षा और रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे।