
जमशेदपुर में गुरुवार देर रात पुलिस और अपराधियों के बीच बड़ी मुठभेड़ हुई। यह एनकाउंटर उद्योगपति के बेटे कैरव गांधी अपहरण कांड से जुड़े तीन अपराधियों के साथ हुआ। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में तीनों अपराधियों के पैर में गोली लगी है।
जानकारी के अनुसार, बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन के दौरान अपराधियों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। इस दौरान बिष्टुपुर थाना प्रभारी आलोक दुबे बाल-बाल बच गए। बदमाशों ने एक कॉन्स्टेबल की कार्बाइन छीनकर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की।
मुठभेड़ में घायल अपराधियों की पहचान गुड्डू सिंह, मोहम्मद इमरान और रमीज राजा के रूप में हुई है। तीनों अपराधी बिहार के गया और नालंदा जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
घायल अपराधियों को इलाज के लिए तुरंत एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि अपराधियों से पूछताछ के बाद अपहरण कांड से जुड़े कई अहम खुलासे होने की संभावना है। पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं।