
राँची: झारखंड की राजधानी राँची से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पंडरा ओपी क्षेत्र स्थित ओटीसी ग्राउंड के पास मंगलवार को एक व्यक्ति को गोली मार दी गई। घायल व्यक्ति की पहचान भार्गव सिंह के रूप में हुई है, जिन्हें गंभीर हालत में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के तुरंत बाद पुलिस ने तेजी दिखाते हुए बड़ी सफलता हासिल की। मुख्य आरोपी विजय टेटे को महज आधे घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना की है।
घायल भार्गव सिंह के बयान के अनुसार, यह हमला जमीन विवाद के कारण हुआ। उन्होंने बताया कि रातू इलाके की एक जमीन को लेकर उनका और आरोपी विजय टेटे के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इस विवाद को लेकर पहले भी फोन पर धमकी दी गई थी, और मौके का फायदा उठाकर आरोपी ने गोली चला दी।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी विजय टेटे कांके के गांधीनगर क्षेत्र का रहने वाला है। फिलहाल पुलिस इस मामले में अन्य संभावित आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि मामले में शामिल सभी दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
