राजकीय श्रावणी मेला 2026: रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा होगी हाईटेक, श्रद्धालुओं के लिए बढ़ेंगे टिकट काउंटर और चलेंगी स्पेशल ट्रेनें

Spread the love

देवघर, 27 जून 2026: राजकीय श्रावणी मेला 2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालु-अनुकूल बनाने के लिए देवघर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।


बैठक में जसीडीह जंक्शन, देवघर रेलवे स्टेशन और बैद्यनाथधाम स्टेशन पर भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष क्राउड मैनेजमेंट प्लान तैयार करने के निर्देश दिए गए। किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की जाएगी तथा सभी प्रमुख स्टेशनों पर 24 घंटे सीसीटीवी निगरानी सुनिश्चित की जाएगी।

श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए टिकट काउंटरों की संख्या बढ़ाई जाएगी ताकि लंबी कतारों से राहत मिल सके। साथ ही देशभर से आने वाले कांवड़ियों और शिवभक्तों के लिए रेलवे के सहयोग से अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें भी चलाई जाएंगी।


स्टेशनों पर यात्रियों के ठहरने के लिए बेहतर शेड, निर्बाध बिजली, स्वच्छ पेयजल और शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। वहीं किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए 24 घंटे संचालित मेडिकल कैंप स्थापित किए जाएंगे, जहां डॉक्टरों और आवश्यक जीवनरक्षक दवाओं की उपलब्धता रहेगी।


बाहरी राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं के मार्गदर्शन के लिए सूचना-सह-सहायता केंद्र भी पूरी तरह सक्रिय रहेंगे। समीक्षा बैठक के अंत में उपायुक्त ने सभी विभागों और संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिया कि मेले की शुरुआत से पहले सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी कर ली जाएं, ताकि देवघर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply