राज्यपाल संतोष गंगवार और मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने जगन्नाथपुर रथयात्रा का किया शुभारंभ, मंदिर के लिए भव्य तोरणद्वार की घोषणा

Spread the love

रांची: राजधानी रांची के ऐतिहासिक जगन्नाथपुर मंदिर में आयोजित भव्य रथयात्रा महोत्सव में झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार एवं मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन शामिल हुए। इस अवसर पर दोनों ने भगवान जगन्नाथ, बहन सुभद्रा और भाई बलभद्र की विधिवत पूजा-अर्चना कर राज्यवासियों की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने पारंपरिक विधि-विधान के साथ भगवान जगन्नाथ के रथ की रस्सी खींचकर रथयात्रा का शुभारंभ किया। इस दौरान पूरा परिसर ‘जय-जय जगन्नाथ’ के जयघोष से गूंज उठा। हजारों श्रद्धालुओं ने भी पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ रथयात्रा में भाग लिया।

श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जगन्नाथपुर मंदिर की पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत बनाया जाएगा। उन्होंने घोषणा की कि धुर्वा स्थित जगन्नाथ मंदिर तक जाने वाली सड़क पर राज्य सरकार की ओर से एक भव्य तोरणद्वार का निर्माण कराया जाएगा, ताकि मंदिर की दूर से ही भव्य पहचान हो सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रथयात्रा महोत्सव झारखंड की आस्था, संस्कृति और परंपरा का प्रतीक है तथा हर वर्ष लाखों श्रद्धालु इस पावन अवसर का इंतजार करते हैं। राज्य सरकार इस ऐतिहासिक धार्मिक स्थल को पर्यटन के मानचित्र पर और अधिक विकसित करने के लिए लगातार कार्य करेगी।

कार्यक्रम में राज्य सरकार के मंत्रीगण, सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे धार्मिक आयोजन के दौरान श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला।

Leave a Reply