
रांची: झारखंड के महामहिम राज्यपाल श्री संतोष कुमार गंगवार ने लोक भवन, रांची में आयोजित एक गरिमामय समारोह में “An Introduction to CLOUD Accounting” पुस्तक का विधिवत लोकार्पण किया। यह कार्यक्रम भारतीय शिक्षण मंडल, झारखंड प्रांत के प्रांत मंत्री डॉ. सुबास साहु के निवेदन पर आयोजित किया गया।
इस पुस्तक के लेखक डॉ. गुंजन कुमार हैं, जो भारतीय शिक्षण मंडल की रांची विश्वविद्यालय इकाई के सदस्य होने के साथ-साथ रांची विश्वविद्यालय के वाणिज्य विभाग में कार्यरत हैं। क्लाउड अकाउंटिंग जैसे समसामयिक और महत्वपूर्ण विषय पर आधारित यह पुस्तक विद्यार्थियों, शोधार्थियों, शिक्षकों तथा वाणिज्य जगत से जुड़े लोगों के लिए उपयोगी संदर्भ ग्रंथ मानी जा रही है।
इस अवसर पर राज्यपाल ने लेखक को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि डिजिटल युग में क्लाउड आधारित लेखांकन की समझ समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक प्रयास उच्च शिक्षा की गुणवत्ता को मजबूत करने के साथ विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी ज्ञान से भी जोड़ते हैं।
कार्यक्रम में राज्यपाल के सचिव डॉ. नितिन मदन कुलकर्णी, दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल के आयुक्त मनोज कुमार, रांची विश्वविद्यालय के डीएसडब्ल्यू प्रो. (डॉ.) सुदेश कुमार साहु, वाणिज्य विभागाध्यक्ष एवं डीन डॉ. अमर कुमार चौधरी, भारतीय शिक्षण मंडल के प्रांत मंत्री डॉ. सुबास साहु, पुस्तक के लेखक डॉ. गुंजन कुमार, उनकी माताजी श्रीमती सुमन साहु, धर्मपत्नी श्रीमती अंशु प्रिया कुमारी सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
भारतीय शिक्षण मंडल के प्रांत मंत्री डॉ. सुबास साहु ने इसे भारतीय ज्ञान परंपरा और समकालीन शिक्षा के समन्वय की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए पुस्तक के सफल प्रकाशन पर लेखक को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।