
राँची। ईडी और राँची पुलिस के बीच चल रहे विवाद को लेकर आज झारखण्ड हाई कोर्ट में अहम सुनवाई हुई। हाईकोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कड़े निर्देश जारी किए हैं।
कोर्ट ने आदेश दिया है कि ईडी कार्यालय की सुरक्षा अब CISF और BSF के जिम्मे होगी। इसके साथ ही राँची पुलिस द्वारा की जा रही जांच पर फिलहाल रोक लगा दी गई है।
हाईकोर्ट ने राँची के एसएसपी को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा है कि ईडी कार्यालय की सुरक्षा सुनिश्चित करना उनकी जिम्मेदारी होगी। कोर्ट ने सख्त टिप्पणी करते हुए कहा कि यदि ईडी कार्यालय में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना होती है, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी एसएसपी की होगी।
इसके अलावा अदालत ने झारखण्ड सरकार को निर्देश दिया है कि वह इस पूरे मामले में अपना पक्ष रखते हुए 7 दिनों के भीतर जवाब दाखिल करे।

इस आदेश के बाद राज्य की राजनीति और प्रशासनिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। माना जा रहा है कि इस फैसले से ईडी–पुलिस टकराव के मामले में नया मोड़ आ सकता है।