
नई दिल्ली/रांची: भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला (IITF)-2026 के अंतिम दिनों में भी झारखंड पवेलियन दर्शकों के बीच खास आकर्षण बना हुआ है। यहां माटी कला बोर्ड की ओर से मिट्टी के बर्तन बनाने की लाइव डेमो प्रस्तुति लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रही है। वहीं, विभिन्न स्टॉलों पर चयनित उत्पादों की खरीद पर 20 से 30 प्रतिशत तक की छूट भी दी जा रही है।
झारखंड पवेलियन में पारंपरिक तरीके से मिट्टी के बर्तन बनाने की कला का प्रदर्शन किया जा रहा है। चाक पर मिट्टी को आकार देकर सुंदर कलाकृतियां तैयार करते कारीगरों को देखने के लिए दर्शक उत्सुकता दिखा रहे हैं। इस लाइव डेमो के माध्यम से लोगों को झारखंड की पारंपरिक माटी कला और स्थानीय कारीगरों के हुनर को करीब से जानने का अवसर मिल रहा है।

माटी कला हमारी सांस्कृतिक विरासत: प्रीति रानी
इस अवसर पर हस्तकरघा एवं हस्तशिल्प विभाग की निदेशक श्रीमती प्रीति रानी ने भी मिट्टी के बर्तन बनाने की लाइव डेमो प्रस्तुति में हिस्सा लिया। उन्होंने स्वयं चाक पर मिट्टी को आकार देकर झारखंड की पारंपरिक माटी कला का अनुभव किया।
उन्होंने कहा कि झारखंड की मिट्टी में यहां की संस्कृति, परंपरा और स्थानीय कारीगरों की रचनात्मकता की अनूठी पहचान समाहित है। माटी कला केवल एक शिल्प नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक आजीविका का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
उन्होंने कहा कि इस तरह के लाइव डेमो से लोगों को स्थानीय कलाकारों की मेहनत और हुनर को करीब से जानने का अवसर मिलता है।
चयनित उत्पादों पर 20 से 30 प्रतिशत तक छूट
मेले के समापन के करीब पहुंचने के साथ ही झारखंड पवेलियन के विभिन्न स्टॉलों पर खरीदारी को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष छूट दी जा रही है। कई स्टॉलों पर चयनित उत्पादों की खरीद पर 20 से 30 प्रतिशत तक की छूट उपलब्ध है।

इससे आगंतुक झारखंड के पारंपरिक हस्तशिल्प, स्थानीय उत्पादों और कलात्मक वस्तुओं की खरीदारी आकर्षक कीमतों पर कर सकते हैं।
अंतिम दिनों में भी बना हुआ है आकर्षण
झारखंड पवेलियन में कला, संस्कृति, पारंपरिक हुनर और किफायती खरीदारी का संगम दर्शकों को आकर्षित कर रहा है। माटी कला के लाइव डेमो से लेकर विभिन्न उत्पादों पर मिल रही छूट तक, पवेलियन मेले के अंतिम दिनों में भी आगंतुकों के लिए खास आकर्षण बना हुआ है।