शीतलहर में काली पूजा स्वागत समिति की सामाजिक पहल: सैकड़ों जरूरतमंदों को कंबल, खिचड़ी भोग और सूखा नशा मुक्ति का संदेश ।

Spread the love

रांची: शीतलहर के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए काली पूजा स्वागत समिति, हरमू रोड के तत्वावधान में शनिवार को व्यापक कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान सैकड़ों जरूरतमंदों के बीच कंबल वितरित किए गए। कार्यक्रम में खिचड़ी भोग वितरण के साथ-साथ सूखा नशा मुक्ति को लेकर जागरूकता अभियान भी चलाया गया।


कंबल वितरण सह नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का नेतृत्व काली पूजा स्वागत समिति के संस्थापक अध्यक्ष प्रेम वर्मा ने किया। उन्होंने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि आज वैश्विक स्तर पर सक्रिय आतंकी और असामाजिक संगठन हमारी युवा पीढ़ी को सूखे नशे की गिरफ्त में लेने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे में समाज की सजगता और सामूहिक जागरूकता से ही बच्चों और युवाओं को इस घातक लत से बचाया जा सकता है।


श्री वर्मा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि काली पूजा स्वागत समिति केवल धार्मिक अनुष्ठानों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाजिक दायित्वों के निर्वहन और सामाजिक बुराइयों के उन्मूलन के लिए भी निरंतर सक्रिय है। उन्होंने नशा कारोबारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि पीढ़ी को बर्बाद करने वालों के खिलाफ समिति का जागरूकता अभियान और आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।


इस अवसर पर अनिल माथुर, संजय लाल गुप्ता, सत्येंद्र वर्मा, अमित अग्रवाल, आशुतोष पाठक, उमेश वर्मा, बबलू उरांव, सौरभ वर्मा, राजेश गुप्ता, प्राणिक वर्मा सहित समिति के कई अन्य सदस्य मौजूद रहे और कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान दिया।

Leave a Reply