सोमा मुंडा हत्याकांड के विरोध में झारखंड बंद, रांची समेत कई इलाकों में जनजीवन ठप ।

Spread the love

खूंटी के पड़हा राजा सोमा मुंडा की हत्या के विरोध में आज आदिवासी समुदायों ने संपूर्ण झारखंड बंद का आह्वान किया। बंद का व्यापक असर राजधानी रांची में साफ तौर पर देखने को मिला, जहां अल्बर्ट एक्का चौक, करमटोली चौक समेत कई प्रमुख इलाकों में जनजीवन पूरी तरह प्रभावित रहा।


सुबह से ही विभिन्न आदिवासी संगठनों के सैकड़ों कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए और हत्यारों को फांसी देने तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि यह हत्या आदिवासी समाज के खिलाफ एक सुनियोजित साजिश का हिस्सा है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


झारखंड बंद के चलते अल्बर्ट एक्का चौक और आसपास के क्षेत्रों में लगभग सभी दुकानें बंद रहीं। जो दुकानें खुली थीं, उन्हें भी प्रदर्शनकारियों ने बंद करा दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने अल्बर्ट एक्का चौक के पास रस्सी लगाकर सड़क को पूरी तरह अवरुद्ध कर दिया, जिससे यातायात ठप हो गया।


मेन रोड से आने वाले वाहनों को प्लाजा रोड की ओर डायवर्ट करना पड़ा। वहीं करमटोली चौक पर प्रदर्शनकारियों ने टायर जलाकर विरोध जताया और सड़क पर बैठकर आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया, जिससे इलाके में लंबा जाम लग गया।

बंद को देखते हुए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। राजधानी के संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। सार्वजनिक परिवहन के बाधित होने से आम लोगों, खासकर कामकाजी नागरिकों और छात्रों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।


गौरतलब है कि पड़हा राजा सोमा मुंडा की हत्या को लेकर आदिवासी संगठनों में गहरा आक्रोश है। संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द न्याय नहीं मिला तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Leave a Reply