
रांची, 22 जुलाई 2026: सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (CCL) के पिपरवार क्षेत्र स्थित बचरा में स्थापित अत्याधुनिक ‘कोल नीर प्लांट’ का बुधवार को केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी ने दिल्ली से वर्चुअल माध्यम से भव्य उद्घाटन किया।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. जितेंद्र सिंह, कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे, कोयला मंत्रालय के सचिव विक्रम देव दत्त, अपर सचिव रूपिंदर बरार, कोल इंडिया के चेयरमैन बी. साई राम तथा CCL के सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी ने कहा कि ‘कोल नीर’ परियोजना वेस्ट-टू-वेल्थ और प्रधानमंत्री के ‘हर घर जल’ संकल्प का सशक्त उदाहरण है। उन्होंने कहा कि खदानों के जल को शुद्ध कर जनकल्याण, पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय रोजगार से जोड़ा जा रहा है।
यह प्लांट प्रतिदिन 25 किलोलीटर पानी शुद्ध करने की क्षमता रखता है। यहां 500 मिलीलीटर और 1 लीटर की 40 बोतल प्रति मिनट भरने की सुविधा के साथ-साथ 20 लीटर के जार भी भरे जा सकेंगे।
इस परियोजना की सबसे खास बात यह है कि पूरा प्लांट महिलाओं द्वारा संचालित किया जाएगा। इसके लिए स्वयं सहायता समूह (SHG) की महिलाओं को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। इससे स्थानीय महिलाओं को रोजगार मिलेगा और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता भी सुनिश्चित होगी।

उद्घाटन समारोह के दौरान ‘AAROH – The Rising’ माइन क्लोजर वार्षिक रिपोर्ट का भी लोकार्पण किया गया तथा CCL द्वारा तैयार माइन क्लोजर मॉडल का प्रदर्शन किया गया।
पिपरवार में आयोजित समारोह में CCL के निदेशकगण, महाप्रबंधक, अधिकारी, कर्मचारी, श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।
