
रांची: झारखंड सरकार ने कानून-व्यवस्था को लेकर बड़ा प्रशासनिक फैसला लिया है। पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) और सरायकेला के पुलिस अधीक्षक (SP) को विधि-व्यवस्था नियंत्रित करने में विफलता तथा आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने में लापरवाही के आरोपों के मद्देनज़र उनके पद से हटाते हुए पुलिस मुख्यालय से संबद्ध करने का आदेश जारी किया गया है।

सरकार ने हालात की गंभीरता को देखते हुए चाईबासा के आयुक्त और रांची के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (ADG) को संबंधित क्षेत्र में लगातार कैंप करने का निर्देश दिया है, ताकि कानून-व्यवस्था की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा सके और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित हो।
इसके अलावा, पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG) को भी जमशेदपुर में ही कैंप करने का आदेश दिया गया है। सरकार के इस फैसले को कानून-व्यवस्था को सख्ती से लागू करने और अपराध नियंत्रण को लेकर एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
