असम बाढ़ पीड़ितों के लिए झारखंड सरकार का बड़ा सहयोग, CM हेमंत सोरेन ने दिए ₹3 करोड़

Spread the love

रांची: असम में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित लोगों की सहायता के लिए झारखंड सरकार ने मानवीय पहल करते हुए बड़ा सहयोग दिया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मुख्यमंत्री राहत कोष, असम के लिए 3 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। इस संबंध में उन्होंने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिश्वा शर्मा को पत्र लिखकर झारखंड की ओर से पूर्ण सहयोग और एकजुटता का भरोसा भी दिलाया।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने पत्र में कहा कि असम इस समय विनाशकारी बाढ़ के कारण गंभीर संकट से गुजर रहा है। इस आपदा में बड़ी संख्या में लोगों की जान-माल का नुकसान हुआ है और हजारों परिवार बेघर हो गए हैं। ऐसे कठिन समय में असम के लोगों के साथ खड़ा होना सभी का नैतिक दायित्व है।


उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार और राज्य के नागरिक बाढ़ प्रभावित लोगों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं तथा राहत और पुनर्वास कार्यों में हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इसी भावना के तहत राज्य सरकार ने 3 करोड़ रुपये की सहायता राशि देने का निर्णय लिया है।

मुख्यमंत्री ने झारखंड के सक्षम नागरिकों से भी अपील की कि वे आगे आकर असम के बाढ़ पीड़ितों की मदद करें। उन्होंने असम के लोगों के साहस और धैर्य की सराहना करते हुए कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी वे एक-दूसरे का सहारा बन रहे हैं।


अपने पत्र में मुख्यमंत्री ने मां कामाख्या से प्रार्थना की कि असम जल्द इस प्राकृतिक आपदा से उबरकर सामान्य जनजीवन की ओर लौटे। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि यदि भविष्य में अतिरिक्त सहायता की आवश्यकता होगी तो झारखंड सरकार हरसंभव सहयोग के लिए तैयार रहेगी।
इस बीच, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिश्वा शर्मा ने झारखंड सरकार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का इस सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया है।

Leave a Reply