
रांची/बोकारो: झारखंड में आयोजित झारखंड पात्रता परीक्षा-2024 (JET) के दौरान गंभीर लापरवाही और अव्यवस्था सामने आई है। झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) ने 26 अप्रैल 2026 को आयोजित परीक्षा में दो विषयों की परीक्षा रद्द कर दी है।
आयोग के अनुसार, कुछ परीक्षा केंद्रों पर प्रश्न पत्र की अनुपलब्धता और पढ़ने योग्य नहीं होने की शिकायतें मिली थीं। इसी के आधार पर शिक्षा (Education-009) और उड़िया (Oriya-023) विषय की परीक्षा रद्द कर दी गई है।
जानकारी के मुताबिक, बोकारो जिले के केंद्र 6004 (सरदार पटेल पब्लिक स्कूल, सेक्टर-IX) में शिक्षा विषय का प्रश्न पत्र उपलब्ध नहीं था, जबकि रांची के केंद्र 1075 (ए.एस.टी.वी.एस डिस्ट्रिक्ट सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस) में उड़िया विषय के प्रश्न पत्र में गड़बड़ी पाई गई।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि इन दोनों विषयों की पुनः परीक्षा की तिथि जल्द ही घोषित की जाएगी और अभ्यर्थियों को आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से अपडेट दिया जाएगा।
दूसरी ओर, बोकारो में परीक्षा के दौरान स्थिति और भी गंभीर हो गई, जब परीक्षा केंद्र पर प्रश्न पत्र ही नहीं पहुंच पाया। सेक्टर 9 स्थित सरदार पटेल पब्लिक स्कूल में एक सेट के 32 प्रश्न पत्र नहीं पहुंचने से परीक्षार्थियों में भारी आक्रोश फैल गया।

परीक्षार्थियों का आरोप है कि सुबह 8 बजे से उन्हें परीक्षा केंद्र में रोककर रखा गया, लेकिन निर्धारित समय 10 बजे तक प्रश्न पत्र नहीं पहुंचा। प्रशासन द्वारा बार-बार आश्वासन दिया गया कि प्रश्न पत्र एक घंटे में पहुंच जाएगा, लेकिन दोपहर 1 बजे परीक्षा समाप्त होने तक भी प्रश्न पत्र नहीं पहुंचा।
छात्रों ने आरोप लगाया कि उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ किया गया है। मौके पर डीसी और एसपी मौजूद रहे तथा पुलिस बल भी तैनात किया गया, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई स्पष्ट बयान सामने नहीं आया।
इस मामले पर पहुंचे मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए कहा कि यह मामला सरकार के संज्ञान में लाया जाएगा और जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
