
रांची: झारखंड के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर करने की दिशा में राज्य सरकार एक और बड़ा कदम उठाने जा रही है। 29 जून 2026 को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन रांची के खेलगांव में आयोजित कार्यक्रम में 1042 नवचयनित सहायक आचार्यों (शिक्षकों) को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे।

इस नियुक्ति प्रक्रिया के तहत कक्षा 1 से 5 तक के लिए 274 तथा कक्षा 6 से 8 तक के लिए 768 शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। शिक्षा विभाग के अनुसार, इन नियुक्तियों से राज्य के कई सरकारी विद्यालयों में लंबे समय से खाली पड़े शिक्षकों के पद भरेंगे और छात्रों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

जिलावार आंकड़ों के अनुसार पलामू जिले में सबसे अधिक 123 शिक्षकों की नियुक्ति होगी, जबकि रामगढ़ जिले में सबसे कम 4 शिक्षकों को नियुक्ति पत्र मिलेगा। इसके अलावा गिरिडीह, कोडरमा, साहिबगंज, पश्चिमी सिंहभूम, देवघर, गुमला, धनबाद, पूर्वी सिंहभूम, बोकारो और अन्य जिलों में भी नियुक्तियां की जाएंगी।
विषयवार नियुक्तियों की बात करें तो सामाजिक विज्ञान में सबसे अधिक 387, गणित एवं विज्ञान में 231 तथा भाषा विषय में 150 शिक्षकों को नियुक्ति पत्र दिया जाएगा।
शिक्षा विभाग ने बताया कि यह प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी और राज्य के सरकारी विद्यालयों में रिक्त पदों को चरणबद्ध तरीके से भरा जाएगा। सरकार का लक्ष्य गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करना और विद्यालयों में शिक्षकों की कमी को समाप्त करना है।
