
रांची। कार्डियोलॉजिकल सोसाइटी ऑफ इंडिया, झारखंड के तत्वावधान में वार्षिक कार्डियोलॉजी सम्मेलन “झारखंड कार्डियोकॉन 2026” का भव्य आयोजन आगामी 17 एवं 18 जनवरी 2026 को राजधानी रांची स्थित होटल BNR चाणक्य में किया जा रहा है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए सम्मेलन के ऑर्गनाइजिंग सेक्रेटरी एवं वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. वरुण कुमार ने बताया कि इस दो दिवसीय कॉन्फ्रेंस में झारखंड सहित देशभर से लगभग 500 से अधिक कार्डियोलॉजिस्ट एवं चिकित्सक भाग लेंगे। सम्मेलन के दौरान हृदय रोगों, उनके आधुनिक उपचार, नवीन तकनीकों, इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजी और हृदय रोगों से बचाव जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन चर्चा एवं विशेषज्ञ व्याख्यान आयोजित किए जाएंगे।

कॉन्फ्रेंस के प्रमुख आकर्षण के रूप में Dr. R.C.N. Sahay Oration एवं Presidential Oration का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें देश के प्रतिष्ठित हृदय रोग विशेषज्ञ अपने अनुभव और शोध साझा करेंगे। आयोजकों के अनुसार, यह सम्मेलन राज्य के चिकित्सकों के लिए आधुनिक कार्डियोलॉजी के क्षेत्र में ज्ञानवर्धन का एक महत्वपूर्ण मंच साबित होगा।

डॉ. वरुण कुमार ने आगे बताया कि इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में संजय सेठ, रक्षा राज्य मंत्री, भारत सरकार को आमंत्रित किया गया है, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. राजकुमार, निदेशक, रिम्स रांची शामिल होंगे।
आयोजकों का दावा है कि “झारखंड कार्डियोकॉन 2026” राज्य में अब तक का सबसे बड़ा कार्डियोलॉजी सम्मेलन होगा, जो झारखंड को चिकित्सा क्षेत्र में राष्ट्रीय मानचित्र पर और सशक्त रूप से स्थापित करेगा।


