भारत टेक्स 2026 में झारखंड की धाक, छह GI टैग हस्तकरघा उत्पादों का वैश्विक मंच पर प्रदर्शन

Spread the love

नई दिल्ली/रांची: भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित भारत टेक्स 2026 में झारखंड की समृद्ध हस्तकरघा एवं वस्त्र विरासत ने वैश्विक मंच पर अपनी विशेष पहचान दर्ज कराई। उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव ने झारखंड पैवेलियन का उद्घाटन करते हुए कहा कि राज्य की पहचान अब केवल स्थानीय स्तर तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि “लोकल से ग्लोबल” की दिशा में झारखंड तेज़ी से आगे बढ़ रहा है।


मंत्री ने कहा कि झारखंड की हस्तकरघा और वस्त्र विरासत को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाकर राज्य में रोजगार के नए अवसर सृजित करना सरकार की प्राथमिकता है। इससे बुनकरों, कारीगरों और युवाओं को अपने ही राज्य में बेहतर आजीविका के अवसर मिलेंगे।


भारत टेक्स 2026 में झारखंड पैवेलियन में राज्य के छह जीआई टैग प्राप्त हस्तकरघा उत्पादों का आकर्षक प्रदर्शन किया गया। इनमें तसर सिल्क, कुचाई सिल्क, भगैया साड़ी एवं फैब्रिक, टुमका चादर, भोया साड़ी एवं फैब्रिक तथा पंछी साड़ी एवं फैब्रिक शामिल हैं। इन उत्पादों ने देश-विदेश से आए खरीदारों, निवेशकों और फैशन उद्योग से जुड़े विशेषज्ञों का ध्यान आकर्षित किया।

उद्योग मंत्री ने कहा कि भारत टेक्स 2026 झारखंड के बुनकरों और कारीगरों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजारों से जोड़ने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान कर रहा है। यह आयोजन वस्त्र एवं परिधान उद्योग में व्यापार, निवेश, तकनीकी नवाचार और वैश्विक साझेदारी को बढ़ावा देने वाला प्रमुख मंच बन चुका है।

कार्यक्रम में उद्योग विभाग के निदेशक विशाल सागर, अपर सचिव प्रीति सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इस आयोजन में देश-विदेश के निर्माता, निर्यातक, वैश्विक खरीदार, निवेशक, नीति-निर्माता, स्टार्टअप और हस्तशिल्प एवं हस्तकरघा क्षेत्र से जुड़े बड़ी संख्या में प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं।

Leave a Reply