दावोस में झारखण्ड की वैश्विक दस्तक: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने ग्लोबल कंपनियों के साथ वार्ताओं की की शुरुआत ।

Spread the love

रांची/दावोस: विश्व आर्थिक मंच (World Economic Forum) की वार्षिक बैठक 2026 के उद्घाटन के साथ ही झारखण्ड ने वैश्विक मंच पर अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज करानी शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के नेतृत्व में राज्य का प्रतिनिधिमंडल दावोस में सुनियोजित और उच्च-स्तरीय वार्ताओं के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय निवेश, औद्योगिक विकास और तकनीकी सहयोग को लेकर संवाद कर रहा है।


मुख्यमंत्री की इन बैठकों का उद्देश्य झारखण्ड को एक जिम्मेदार, टिकाऊ और भविष्य के लिए तैयार राज्य के रूप में प्रस्तुत करना है। प्रतिनिधिमंडल ने वैश्विक आर्थिक और नीतिगत चर्चाओं में भाग लेते हुए दीर्घकालिक अंतरराष्ट्रीय साझेदारियों और निवेश अवसरों को मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ाया है।


औद्योगिक और तकनीकी सहयोग पर फोकस
बैठकों के पहले दिन ग्लोबल कोऑपरेशन, अंतरराष्ट्रीय व्यापार परिषदों और संस्थागत भागीदारों के वरिष्ठ नेतृत्व के साथ संवाद हुआ। इस क्रम में World Economic Forum के मंच से झारखण्ड ने औद्योगिक विनिर्माण, प्रौद्योगिकी, स्थिरता और संस्थागत सहयोग के क्षेत्रों में अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं।


Tata Steel के साथ हुई चर्चा में भारत के औद्योगीकरण में झारखण्ड की ऐतिहासिक भूमिका और उन्नत व टिकाऊ विनिर्माण की संभावनाओं पर जोर दिया गया। वहीं Hitachi India के साथ अवसंरचना विकास, ऊर्जा प्रणालियों और तकनीक-आधारित समाधानों पर विचार-विमर्श हुआ।
इसके अलावा Tech Mahindra के साथ आईटी हब, डिजिटल परिवर्तन और नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।


निवेश और वैश्विक साझेदारी को मिलेगा बल
निवेश को सुगम बनाने और वैश्विक बाजार से जुड़ाव को मजबूत करने के उद्देश्य से Bloomberg APAC, Sweden India Business Council और US-India Strategic Partnership Forum के प्रतिनिधियों के साथ भी बैठकें हुईं। इन संवादों में जिम्मेदार निवेश, वैश्विक सहयोग और दीर्घकालिक साझेदारी के अवसरों पर मंथन किया गया।


इसके साथ ही महिला विकास, समावेशी नेतृत्व और लैंगिक समानता को आर्थिक विकास और सुशासन के अभिन्न अंग के रूप में प्रस्तुत किया गया। प्रतिनिधिमंडल ने तकनीक से जुड़े पवेलियनों का दौरा कर उभरते नवाचारों और भविष्योन्मुखी समाधानों की जानकारी भी प्राप्त की।


25 वर्षों का युवा झारखण्ड अब विजन 2050 की ओर अग्रसर है। वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम के इस मंच से राज्य ने क्षेत्रीय सीमाओं से आगे बढ़ते हुए सक्रिय वैश्विक सहभागिता का स्पष्ट संदेश दिया है। यह पहल झारखण्ड को टिकाऊ साझेदारियों, जिम्मेदार निवेश और वैश्विक अर्थव्यवस्था से मजबूती से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Leave a Reply