राजधानी मान्या टावर के पास जमीन विवाद में फायरिंग, तीन घायल – पुलिस जांच में जुटी ।

Spread the love

रांची : पंडरा ओपी क्षेत्र अंतर्गत पिस्का मोड़ तेल मिल गली के पास स्थित राजधानी मान्या टावर के समीप फायरिंग की सनसनीखेज घटना सामने आई है। घटना के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अनुसंधान और छापेमारी शुरू कर दी है।


पुलिस जांच में सामने आया है कि घटना वाले दिन दोपहर करीब 1 बजे सुकरहुटू मनातु, कांके रिंग रोड स्थित लगभग 03 एकड़ जमीन को लेकर दो गुटों के बीच मारपीट हुई थी। एक गुट की ओर से आकाश सिंह और विकास सिंह शामिल थे, जबकि दूसरे गुट में संजय पाण्डेय, रवि यादव और आशु साव उर्फ बबलू साव शामिल बताए जा रहे हैं।


मारपीट के बाद शाम के समय दोनों पक्षों ने जमीन और पैसों के लेन-देन को लेकर बातचीत के लिए राजधानी मान्या टावर के पास मिलने का निर्णय लिया। तय समय पर पहले आकाश सिंह और विकास सिंह अपने साथियों के साथ तीन गाड़ियों में करीब 10–15 लोगों के साथ मौके पर पहुंचे। कुछ देर बाद संजय पाण्डेय, रवि यादव और आशु साव उर्फ बबलू साव भी तीन गाड़ियों में 10–12 लोगों के साथ वहां पहुंचे।

बैठक के दौरान जमीन और पैसों को लेकर बातचीत शुरू हुई, जो जल्द ही बहस में बदल गई। इसी दौरान संजय पाण्डेय, रवि यादव और आशु साव उर्फ बबलू साव के गुट द्वारा कथित तौर पर फायरिंग शुरू कर दी गई। फायरिंग के बाद आरोपी स्कॉर्पियो और अन्य वाहनों से मौके से फरार हो गए।


गोलीबारी में आकाश सिंह के दाहिने हाथ में एक गोली लगी, जबकि विकास सिंह को सीने में दो और बाएं हाथ में एक गोली लगी। वहीं, दूसरे गुट के रवि यादव को बाएं हाथ में एक गोली और मुंह के पास छर्रे लगे हैं।


घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आकाश सिंह और विकास सिंह का इलाज राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (RIMS) में चल रहा है, जबकि रवि यादव का इलाज ऑर्किड अस्पताल में किया जा रहा है।


पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।

Leave a Reply